Sports

नई दिल्ली: कप्तान निकहत जरीन और मनदीप जांगड़ा के दमदार खेल के दम पर नार्थईस्ट राइनोज ने शनिवार को यहां बिग बाउट इंडियन बॉक्सिंग लीग में बांबे बुलेट्स पर 4-3 की करीबी जीत दर्ज की। इस जीत से नार्थईस्ट की टीम 15 अंक के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गयी। बांबे बुलेट्स के 14 अंक है। पदार्पण कर रही युवा मुक्केबाज अंबेशोरी देवी (युवा महिला 57 किग्रा) और अर्जेंटीना के फ्रांसिस्को वेरन (75 किग्रा) ने भी नार्थईस्ट राइनोज के लिए महत्वपूर्ण अंक अर्जित किए।

मणिपुर की 16 साल की मुक्केबाज अंबेशोरी ने प्रिया कुश्वाहा को हराया। वेरन ने भारतीय मुक्केबाज प्रयाग चौहान को परास्त किया। राइनोज की कप्तान निकहत ने महिलाओं की 51 किग्रा भारत वर्ग में ओलंपिक कांस्य पदक विजेता इंग्रिट लोरेना वालेंसिया को करीबी मुकाबले में हराया। इसी तरह जांगड़ा ने पुरूषों के 69 किग्रा वर्ग के करीबी मुकाबले में नवीन बोरा को शिकस्त दी।