Sports

नई दिल्ली : भारतीय पुरुष हॉकी टीम 23 और 24 अक्टूबर को मेजर ध्यानचंद राष्ट्रीय स्टेडियम में जर्मनी के साथ दो मैचों की द्विपक्षीय श्रृंखला खेलेगी। हॉकी इंडिया ने मंगलवार को यह घोषणा की। भारत ने पिछली बार जर्मनी का सामना पेरिस ओलंपिक के सेमीफाइनल में किया था जहां यूरोप की दिग्गज टीम ने 3-2 से जीत दर्ज की थी। भारत ने ओलंपिक में तीसरे स्थान के प्ले ऑफ में स्पेन को हराकर कांस्य पदक जीता था। 

हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा, ‘जर्मनी के खिलाफ यह द्विपक्षीय श्रृंखला विश्व स्तरीय हॉकी का एक उल्लेखनीय प्रदर्शन होगी। भारत और जर्मनी दोनों का खेल में एक समृद्ध इतिहास है और यह श्रृंखला प्रशंसकों को दुनिया की दो सबसे मजबूत टीमों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने का अवसर देगी।' पूर्व भारतीय कप्तान ने कहा, ‘हम इस श्रृंखला की मेजबानी से सम्मानित महसूस कर रहे हैं। इससे ना केवल हॉकी की भावना को बढ़ावा मिलेगा बल्कि दोनों देशों के बीच रिश्ते भी मजबूत होंगे।' 

हॉकी इंडिया के महासचिव भोला नाथ सिंह ने कहा, ‘भारत-जर्मनी हॉकी प्रतिद्वंद्विता हमेशा एक रोमांचक प्रतियोगिता रही है। हमारे खिलाड़ी ऐसी अच्छी टीम के खिलाफ प्रतिस्पर्धा करने के लिए उत्सुक हैं और मेरा मानना ​​है कि यह श्रृंखला दोनों टीमों को भविष्य के अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों से पहले अपने कौशल और रणनीतियों को बेहतर बनाने का मौका देगी।' 

जर्मन हॉकी महासंघ के अध्यक्ष हेनिंग फास्टरिच ने कहा कि राष्ट्रीय टीम इस चुनौती के लिए तैयार है। उन्होंने कहा, ‘हॉकी के लिए भारत हमेशा विशेष स्थान रहा है और हमारी टीम उत्साही भारतीय प्रशंसकों के सामने खेलने के लिए रोमांचित है। यह श्रृंखला जर्मनी और भारत के बीच खेल संबंध मजबूत करने का शानदार मौका है जबकि दोनों टीमों को आगामी वैश्विक प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए प्रतिस्पर्धी मंच भी देगा।' फास्टरिच ने कहा, ‘हम चुनौती और ऐतिहासिक मेजर धयान चंद राष्ट्रीय स्टेडियम में खेलने के अनुभव के लिए उत्सुक हैं।'