Sports

जोहोर बाहरू (मलेशिया) : अमनदीप लाकड़ा (2‘, 7‘, 35‘) की हैट्रिक और अरुण साहनी (12‘, 53‘) के दोहरे प्रहार की मदद से भारतीय जूनियर हॉकी टीम ने सोमवार को न्यूजीलैंड को 6-2 को हरा कर 11वें सुल्तान जोहोर कप 2023 के सेमीफाइनल में प्रवेश किया। भारत के लिए अमनदीप लाकड़ा और अरुण साहनी के अलावा पूवन्ना चंदूरा बॉबी (52‘) ने स्कोरशीट पर जगह बनाई, जबकि न्यूजीलैंड के लिए ल्यूक एल्ड्रेड (29‘, 60‘) ने दो गोल किए।


पिछले मुकाबले में मेजबान मलेशिया को 3-1 से हराने के बाद उत्साह से लबरेल भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ सकारात्मक शुरुआत की और मैच के दूसरे मिनट में अमनदीप लाकड़ा ने न्यूजीलैंड के गोलकीपर ल्यूक एल्म्स के पास से जोरदार फ्लिक किया और 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। इसके बाद भी न्यूजीलैंड पर दबाव बढ़ता गया और भारत ने 7वें मिनट में एक और पेनाल्टी कार्नर को गोल में तब्दील कर दिया। खेल के 12 वें मिनट में बाएं विंग से अरुण साहनी ने कीवी गोलकीपर को छकाते हुए गेंद को गोल में डाल दिया।


दूसरे क्वार्टर में न्यूजीलैंड आखिरकार पहला गोल करने में सफल रहा जब ल्यूक एल्ड्रेड ने 29वें मिनट में एक बेहतरीन पीसी को गोल में बदला। अपनी बढ़त को कायम रखने के लिए प्रतिबद्ध भारत ने तीसरे क्वार्टर में आक्रामक शुरुआत की। उनके प्रयासों के परिणामस्वरूप एक पेनाल्टी कार्नर मिला और लाकड़ा ने शानदार हैट्रिक पूरी करने के लिए अपना तीसरा गोल किया। 35वें मिनट में हुए गोल ने भारत को 4-1 की बढ़त दिला दी।


न्यूजीलैंड ने अंतिम क्वार्टर की शुरुआत खेल में वापसी की उम्मीद के साथ की लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति द्दढ़ रही। इस बीच, भारतीय हमलावरों ने कई महत्वपूर्ण मौके बनाए। 52वें मिनट में पूवन्ना चंदूरा बॉबी ने पीसी के माध्यम से भारत के लिए 5वां गोल किया, जबकि अरुण साहनी ने 53वें मिनट में अपना दूसरा गोल करके भारत की बढ़त 6-1 कर दी। खेल में अंतिम क्षणों में ल्यूक एल्ड्रेड ने फ्लिक के साथ गेंद को गोल में डाल दिया। लेकिन यह गोल भारत को तीन नवंबर को खेले जाने वाले सेमीफाइनल में पहुंचने से नहीं रोक पाया।