Sports

थिम्पू : भारतीय अंडर-15 महिला टीम ने सैफ फुटबाल चैम्पियनशिप में अपने अभियान का आगाज बुधवार को नेपाल के खिलाफ 4-1 की जीत से किया। यहां के चालिमिथांग स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में स्ट्राइकर लिंडा कोम सेर्तो (38वें और 56वें मिनट) ने भारत के लिए दो गोल किए। इससे पहले सुमति कुमारी ने मैच के सातवें मिनट में ही गोलकर भारत का खाता खोल दिया था। 

तीन गोल से पिछड़ने के बाद 62वें मिनट में मन माया दमाई की गोल से नेपाल ने वापसी की कोशिश की लेकिन इसके चार मिनट बाद ही प्रियंका सुजीश (66वें मिनट) ने गेंद को गोलपोस्ट में भेजकर भारत को 4-1 से आगे कर दिया। मैच के बाद टीम के मुख्य कोच एलेक्स एंब्रोस ने कहा, ‘पहला मुकाबला हमेशा मुश्किल होता है। हमारे खिलाड़ियों के बीच अच्छा तालमेल था और हम ने कई मौके बनाये। हमारे खेल में अभी और सुधार की गुंजाइश है।' भारतीय टीम का अगला मुकाबला शुक्रवार को मेजबान भूटान से है।