स्पोर्ट्स डेस्क : दिल्ली कैपिटल्स (DC) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 39वां मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है। बेंगलुरु ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लेते हुए दिल्ली के 2.3 ओवर में 7 रन पर 5 विकेट उड़ा दिए हैं। साहिल पारख, समीर रिजवी और कप्तान अक्षर पटेल खाता भी नहीं खोल पाए जबकि पिछले मैच में 152 रन बनाने वाले केएल राहुल एक रन पर आउट हो गए। नीतिश राणा भी एक रन ही बना पाए।बेंगलुरु की तरफ से भुवनेश्वर कुमार ने 3 और जोश हेजलवुड ने 2 विकेट झटके।
RCB के कप्तान रजत पाटीदार ने टॉस जीतने के बाद कहा, 'हम पहले गेंदबाजी करेंगे। यह एक हाई-स्कोरिंग ग्राउंड है, इससे ज्यादा फर्क नहीं पड़ेगा; हम दूसरी पारी में उन पर दबाव बनाने की कोशिश करेंगे। सबसे अहम बात यह है कि अलग-अलग मैचों में अलग-अलग खिलाड़ी आगे आकर अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। हमने काफी अच्छी क्रिकेट खेली है और हम उसी लय को बनाए रखना चाहते हैं। जो हो गया, वह अतीत की बात है; हम अब अच्छी क्रिकेट खेलने पर ध्यान दे रहे हैं।'
दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस के बाद कहा, 'अगर मैं टॉस जीतता, तो पहले फील्डिंग करता। मैदान का साइज छोटा है और पिच भी बेहतर होती जाती है, इसलिए हम चेज करना भी पसंद करते। IPL में आप 264 रन बनाकर भी हार सकते हैं, लेकिन यह एक लंबा टूर्नामेंट है; हमने बैट और बॉल दोनों से अच्छा खेल दिखाया, अगर हमने अपने मौकों को भुनाया होता, तो नतीजा कुछ और होता। आपको अपना काम लगातार करते रहना होता है; हमारे सबसे अच्छे फील्डर भी कैच छोड़ देते हैं, इसलिए भले ही किस्मत हमारे साथ न हो, लेकिन हम बस इसके बारे में सोचते हुए बैठे नहीं रह सकते। हमारे पास दो तेज गेंदबाज हैं - चमीरा और जेमिसन खेल रहे हैं।'
प्लेइंग XI
दिल्ली कैपिटल्स : साहिल पारख, केएल राहुल (विकेटकीपर), नितीश राणा, समीर रिज़वी, ट्रिस्टन स्टब्स, डेविड मिलर, अक्षर पटेल (कप्तान), दुष्मंथा चमीरा, काइल जैमीसन, कुलदीप यादव, टी नटराजन
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु : विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, जोश हेजलवुड, सुयश शर्मा, रसिख सलाम डार