Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल से पहले पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज मोहम्मद आमिर ने एक बार फिर टीम इंडिया के खिलाफ बड़ा बयान दिया है। आमिर का मानना है कि भारत के बजाय न्यूजीलैंड इस बार ट्रॉफी जीत सकता है। उनका कहना है कि न्यूजीलैंड एक टीम के रूप में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है, जबकि भारत अभी भी कुछ खिलाड़ियों के दम पर मैच जीत रहा है। आमिर के मुताबिक कीवी टीम का संतुलन और गेंदबाजी फॉर्म फाइनल मुकाबले में भारत पर भारी पड़ सकती है। 

भारत की जीत को लेकर आमिर की भविष्यवाणियां पहले हो चुकी हैं गलत 

मोहम्मद आमिर ने टूर्नामेंट के दौरान कई बार भारत के खिलाफ भविष्यवाणी की थी। उन्होंने कहा था कि सुपर-8 में वेस्टइंडीज और सेमीफाइनल में इंग्लैंड भारत को हरा सकते हैं। हालांकि सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने दोनों मुकाबलों में जीत दर्ज कर फाइनल में जगह बनाई। इसके बावजूद आमिर का मानना है कि फाइनल में भारत की राह आसान नहीं होगी। 

न्यूजीलैंड को बताया ज्यादा संतुलित टीम 

आमिर ने कहा कि न्यूजीलैंड ने सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शानदार टीम प्रदर्शन किया और एक यूनिट के तौर पर खेल दिखाया। उनके मुताबिक कीवी टीम का हर विभाग बेहतर तालमेल के साथ खेल रहा है, जबकि भारत की जीत कुछ खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर निर्भर दिख रही है। आमिर ने कहा, “अगर आप न्यूजीलैंड को देखें तो वे एक टीम के रूप में पूरा प्रदर्शन कर रहे हैं। लेकिन भारत की जीत में दो खिलाड़ियों का बहुत बड़ा रोल है।” 

बुमराह और सैमसन पर ज्यादा निर्भर है भारत 

आमिर के अनुसार भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में मुख्य रूप से दो खिलाड़ियों संजू सैमसन और जसप्रीत बुमराह के प्रदर्शन पर निर्भर रही है। उन्होंने कहा कि इन दोनों खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने भारत को कई मैच जिताए हैं, लेकिन बाकी गेंदबाजों की फॉर्म उतनी प्रभावशाली नहीं रही। आमिर के मुताबिक वरुण चक्रवर्ती अपेक्षित प्रभाव नहीं छोड़ पाए हैं, हार्दिक पांड्या भी गेंदबाजी में संघर्ष करते नजर आए हैं, इसी वजह से उनका मानना है कि भारत गेंदबाजी में काफी हद तक बुमराह पर निर्भर दिख रहा है। 

नरेंद्र मोदी स्टेडियम को बताया न्यूजीलैंड के लिए अनुकूल 

आमिर का मानना है कि फाइनल का वेन्यू नरेंद्र मोदी स्टेडियम न्यूजीलैंड के लिए फायदेमंद साबित हो सकता है। उनके मुताबिक कीवी टीम का गेंदबाजी आक्रमण फिलहाल बेहतर लय में है और यही फाइनल का बड़ा फर्क बन सकता है। आमिर ने कहा कि बल्लेबाजी के लिहाज से दोनों टीमें लगभग बराबर हैं, लेकिन गेंदबाजी में न्यूजीलैंड को बढ़त मिलती दिख रही है। 

अभिषेक शर्मा को भी बनाया निशाना 

टूर्नामेंट की शुरुआत से ही आमिर भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा की बल्लेबाजी पर सवाल उठा रहे हैं। उनका कहना है कि अभिषेक का खेलने का अंदाज “वन-डायमेंशनल” है और इस स्तर के टूर्नामेंट में उन्हें अभी और अनुभव की जरूरत है। हालांकि फाइनल से पहले टीम संयोजन को लेकर चर्चा जारी है, लेकिन संकेत यही हैं कि भारतीय टीम निर्णायक मुकाबले में भी अभिषेक शर्मा के साथ ही उतर सकती है।