स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में पंजाब किंग्स (PBKS) की हालत लगातार खराब होती जा रही है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 23 रन की हार के बाद टीम को लगातार छठी हार झेलनी पड़ी। इस हार के बाद पंजाब किंग्स के हेड कोच रिकी पोंटिंग डगआउट में अकेले और निराश बैठे नजर आए, जिसकी तस्वीर सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गई। पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इस तस्वीर पर प्रतिक्रिया देते हुए PBKS की रणनीति और दो घरेलू मैदान रखने के फैसले पर सवाल उठाए।
‘मैं भी 2018 में उसी कुर्सी पर बैठा था’
अश्विन ने अपने यूट्यूब शो ‘आश की बात’ में कहा कि वह रिकी पोंटिंग की स्थिति को अच्छी तरह समझ सकते हैं क्योंकि 2018 में वह खुद इसी दौर से गुजर चुके हैं। उन्होंने कहा, 'मैंने मैच के बाद टीवी पर एक बहुत ताकतवर तस्वीर देखी। रिकी पोंटिंग अकेले डगआउट में बैठे थे। उनके दिमाग में बहुत कुछ चल रहा होगा। मैं 2018 में उसी कुर्सी पर बैठा था।'
दो होम वेन्यू रखने पर भड़के अश्विन
अश्विन ने पंजाब किंग्स के दो घरेलू मैदान रखने के फैसले को भी गलत बताया। उनका मानना है कि सफल फ्रेंचाइजी हमेशा एक ही घरेलू मैदान पर खेलती हैं। उन्होंने कहा, 'मैं उनका बचाव नहीं कर रहा हूं, लेकिन मैंने पहले भी कहा था कि CSK, मुंबई इंडियंस और KKR जैसी चैंपियन टीमें अलग-अलग होम वेन्यू पर नहीं खेलतीं। पंजाब मुल्लांपुर में लगातार जीत रही थी, लेकिन धर्मशाला पहुंचते ही लगातार तीन होम मैच हार गई।'
खराब गेंदबाजी और ड्रॉप कैच बने बड़ी वजह
PBKS की लगातार हार के पीछे खराब गेंदबाजी और आसान कैच छोड़ना बड़ी वजह माना जा रहा है। RCB के खिलाफ भी टीम 223 रन का लक्ष्य हासिल नहीं कर सकी। इस सीजन पंजाब की शुरुआत शानदार रही थी और टीम शुरुआती सात मैचों तक अजेय थी, लेकिन उसके बाद लगातार हार ने पूरे अभियान को पटरी से उतार दिया।
अभी भी जिंदा हैं प्लेऑफ की उम्मीदें
लगातार छह हार के बावजूद पंजाब किंग्स अभी भी प्लेऑफ की दौड़ से बाहर नहीं हुई है। टीम के 13 मैचों में 13 अंक हैं और वह फिलहाल अंक तालिका में चौथे स्थान पर मौजूद है। PBKS का आखिरी लीग मुकाबला 23 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ होगा। हालांकि टीम को सिर्फ जीत ही नहीं, बल्कि दूसरे मुकाबलों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा।
PBKS के लिए मुश्किल समीकरण
सनराइजर्स हैदराबाद 18 अंक तक पहुंच सकती है, जबकि चेन्नई सुपर किंग्स और राजस्थान रॉयल्स 16 अंक तक जा सकते हैं। वहीं KKR भी दो मुकाबले जीतकर पंजाब के बराबर पहुंच सकती है। पंजाब का नेट रन रेट +0.227 है, जो फिलहाल CSK और RR से बेहतर है। लेकिन प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए PBKS को बड़े अंतर से जीत की जरूरत पड़ सकती है।