स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में में Delhi Capitals को Kolkata Knight Riders के खिलाफ 8 विकेट की करारी हार झेलनी पड़ी। इस हार के बाद दिल्ली कैपिटल्स की प्लेऑफ की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। टीम अब अंक तालिका में बेहद मुश्किल स्थिति में पहुंच गई है और आगे का सफर दूसरे टीमों के परिणामों पर भी निर्भर करेगा।
फिन एलन ने खेली तूफानी शतकीय पारी
कोलकाता के लिए Finn Allen ने धमाकेदार बल्लेबाजी करते हुए मैच पूरी तरह एकतरफा बना दिया। उन्होंने शतक जड़ते हुए शानदार अंदाज में टीम को जीत दिलाई। KKR ने 143 रन का लक्ष्य सिर्फ 14.2 ओवर में हासिल कर लिया और नेट रनरेट में भी बड़ा फायदा उठाया। लगातार चौथी जीत के साथ कोलकाता ने प्लेऑफ की उम्मीदों को जिंदा रखा है।
DC के लिए नेट रनरेट बना सबसे बड़ा खतरा
वहीं दिल्ली कैपिटल्स की हालत अब बेहद खराब हो गई है। कप्तान Axar Patel की अगुवाई वाली टीम ने 11 मैचों में सिर्फ 4 जीत हासिल की है। टीम का नेट रनरेट -1.154 तक गिर चुका है, जो प्लेऑफ की रेस में सबसे बड़ी परेशानी बन गया है। अब दिल्ली के लिए हर मुकाबला करो या मरो जैसा हो गया है।
अब सिर्फ जीत नहीं, बड़ी जीत जरूरी
दिल्ली कैपिटल्स के पास अब सिर्फ तीन मुकाबले बचे हैं और अगर टीम तीनों मैच जीत भी जाती है तो उसके अधिकतम 14 अंक ही हो पाएंगे। आईपीएल के इतिहास में 14 अंक के साथ प्लेऑफ में पहुंचना आसान नहीं रहा है। ऐसे में DC को सिर्फ जीत ही नहीं, बल्कि बड़े अंतर से जीत दर्ज करनी होगी ताकि नेट रनरेट में सुधार हो सके।
दूसरे टीमों के नतीजों पर टिकी उम्मीदें
दिल्ली की मुश्किल सिर्फ यहीं खत्म नहीं होती। टीम को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए दूसरी टीमों के नतीजों पर भी निर्भर रहना पड़ेगा। उन्हें उम्मीद करनी होगी कि ऊपर मौजूद कई टीमें अपने बाकी मैच हारें। यानी अब DC का भविष्य सिर्फ उसके प्रदर्शन से नहीं, बल्कि पूरे टूर्नामेंट के समीकरणों से तय होगा।
KKR ने शानदार वापसी से बढ़ाया रोमांच
दूसरी तरफ Kolkata Knight Riders ने शानदार वापसी की है। शुरुआती छह मैचों में जीत नहीं मिलने के बाद टीम लगातार चार मुकाबले जीत चुकी है। अब KKR अगर अपने बाकी चार मैच जीत लेती है तो टीम सीधे 17 अंकों के साथ प्लेऑफ में पहुंच जाएगी। हालांकि एक हार भी उनके लिए मुश्किलें बढ़ा सकती है।
अंक तालिका में टॉप टीमों की स्थिति
अंक तालिका में फिलहाल Sunrisers Hyderabad 14 अंकों के साथ शीर्ष पर मौजूद है। वहीं Punjab Kings दूसरे स्थान पर है। Royal Challengers Bengaluru और Rajasthan Royals भी प्लेऑफ की रेस में मजबूत स्थिति में नजर आ रही हैं। ऐसे में आने वाले मुकाबले बेहद रोमांचक होने वाले हैं।