लानुसिया (स्पेन) : हितेश गुलिया और प्रीति के दमदार प्रदर्शन की बदौलत भारतीय मुक्केबाजों ने बॉक्सम एलीट इंटरनेशनल 2026 मुक्केबाजी टूर्नामेंट में अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में 21 देशों के 214 मुक्केबाज हिस्सा ले रहे हैं और भारत के खिलाड़ियों ने पहले ही दिन मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
हितेश और प्रीति की एकतरफा जीत
पुरुषों के एलीट 70 किग्रा वर्ग में हितेश गुलिया ने शानदार तकनीक और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए नीदरलैंड के फिन बोस को 5-0 से हराया। वहीं महिलाओं के एलीट 54 किग्रा वर्ग में प्रीति ने कजाकिस्तान की अलियास्कर सिम्बैट को 5-0 से मात देकर भारत को शुरुआती बढ़त दिलाई।
महिला वर्ग में भारत का दबदबा
भारत की अन्य महिला मुक्केबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन जारी रखा। प्राची (57 किग्रा) और प्रिया (60 किग्रा) ने क्रमशः स्पेन की वनेसा मोरेल रामिरेज़ और कनाडा की एलेशिया मानसुएटो को 5-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। काजल (65 किग्रा) ने भी कजाकिस्तान की असीम तनातार को 4-1 से हराकर प्रभावशाली जीत दर्ज की।
पुरुष वर्ग में कई भारतीयों की जीत
पुरुष वर्ग में सचिन (60 किग्रा) ने मेजबान स्पेन के ब्रैंडन एलेजांद्रो को 5-0 से पराजित किया, जबकि मोहम्मद हुसामुद्दीन (60 किग्रा) ने डेनमार्क के मटियास मेहमत बुयुक्देमिर को 4-1 से हराया। अभिनाश जमवाल (65 किग्रा) ने डेनमार्क के क़ालिद उस्मान को 5-0 से शिकस्त देकर सबका ध्यान खींचा।
दीपक, आकाश और अंकुश भी अगले दौर में
दीपक (70 किग्रा) ने बेल्जियम के हॉर्नेल आयतेवी को 4-1 से हराया। वहीं आकाश (75 किग्रा) और अंकुश (80 किग्रा) ने भी 4-1 के अंतर से जीत दर्ज कर अगले दौर में जगह बनाई। हालांकि आदित्य प्रताप यादव (65 किग्रा) इंग्लैंड के जो टर्नर से हारकर टूर्नामेंट से बाहर हो गए।