Sports

सेंट लुईस ( निकलेश जैन ) शतरंज के सबसे प्रमुख टूर ग्रैंड चेस टूर (जीसीटी ) 2026 के लिए एक बड़ा बदलाव सामने आया है। भारत के युवा विश्व चैंपियन डी. गुकेश ने पूरे टूर से अपना नाम वापस ले लिया है, हालांकि वह वारसॉ और ज़ाग्रेब में होने वाले रैपिड और ब्लिट्ज टूर्नामेंट में वाइल्डकार्ड खिलाड़ी के रूप में हिस्सा लेंगे।

गुकेश ने अपने बयान में कहा कि हाल के टूर्नामेंटों में उनका प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है और बेहतर फॉर्म में लौटने के लिए उन्होंने कुछ समय तक कम प्रतियोगिताएं खेलने का फैसला किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि वह इस दौरान लंबी प्रतियोगिताओं से दूर रहकर ट्रेनिंग पर ध्यान देंगे और भविष्य में फिर से पूरे टूर में वापसी करेंगे।

गुकेश की जगह अब उज़्बेकिस्तान के जावोखिर सिंदारोव को 2026 ग्रैंड चेस टूर के पूर्ण प्रतिभागी के रूप में शामिल किया गया है। हाल ही में फीडे वर्ल्ड कप जीतने वाले सिंदारोव शानदार फॉर्म में हैं और उन्होंने अपने प्रदर्शन के दम पर यह स्थान हासिल किया है। अब वह वारसॉ, बुखारेस्ट और सेंट लुईस में होने वाले सभी प्रमुख टूर्नामेंट में खेलते नजर आएंगे।

ग्रैंड चेस टूर के डिप्टी एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर एलेक्स ओनिशुक ने गुकेश के फैसले का सम्मान करते हुए कहा कि वे उनके रैपिड और ब्लिट्ज इवेंट्स में खेलने से खुश हैं, वहीं सिंदारोव के जुड़ने से टूर और अधिक प्रतिस्पर्धात्मक होगा।

गौरतलब है की गुकेश को इस वर्ष दिसंबर में अपने खिताब की रक्षा करने के लिए कैंडिडेट के विजेता से मुकाबला खेलना है और फ़िलहाल कैंडिडेट में सिंदारोव ही सबसे आगे चल रहे है ।