Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: IPL 2026 क्वालिफायर-1 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ गुजरात टाइटंस की करारी हार के बाद टीम के स्टार ऑलराउंडर Glenn Phillips प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक सवाल पर भड़क गए। RCB ने धर्मशाला में खेले गए मुकाबले में 254/5 का विशाल स्कोर बनाया था, जिसके जवाब में गुजरात की टीम 162 रन पर सिमट गई और उसे 92 रन से हार का सामना करना पड़ा।

मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिलिप्स से पूछा गया कि क्या 250 से ज्यादा का लक्ष्य देखकर GT ने रन चेज छोड़ दिया था? इस सवाल पर न्यूजीलैंड के खिलाड़ी ने तीखी प्रतिक्रिया दी और इसे “बेहद खराब सवाल” बताया।

रिपोर्टर के सवाल पर नाराज हुए ग्लेन फिलिप्स

फिलिप्स ने जवाब देते हुए कहा, 'यह बहुत बेवकूफी भरा सवाल है। कोई भी खिलाड़ी मैदान पर यह सोचकर नहीं उतरता कि हम यह मैच छोड़ देंगे। हम प्रोफेशनल क्रिकेटर हैं, ऐसा क्यों करेंगे? यह बहुत खराब सवाल है।' उन्होंने आगे कहा, 'हम मैदान पर पूरा दम लगाकर उतरे थे। लेकिन जब आप 250 रन का लक्ष्य हासिल करने उतरते हैं तो हर चीज आपके पक्ष में जानी चाहिए।'

RCB ने पूरी तरह तोड़ा GT का मनोबल

RCB कप्तान Rajat Patidar ने 33 गेंदों में नाबाद 93 रन की तूफानी पारी खेलकर गुजरात के गेंदबाजों की जमकर धुनाई की। उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत बेंगलुरु ने 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम ने सिर्फ 51 रन तक अपने पांच विकेट गंवा दिए। 12वें ओवर तक स्कोर 88/8 हो चुका था और मुकाबला पूरी तरह RCB के पक्ष में चला गया।

राहुल तेवतिया ने जरूर लड़ी अकेली लड़ाई

GT की ओर से सिर्फ Rahul Tewatia ने संघर्ष दिखाया। उन्होंने 43 गेंदों में 68 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें कोई समर्थन नहीं मिला। अंत में गुजरात की पूरी टीम 19.3 ओवर में 162 रन पर ऑलआउट हो गई। यह IPL प्लेऑफ और नॉकआउट इतिहास में रनों के लिहाज से दूसरी सबसे बड़ी हार भी रही।

पांच हफ्तों से बाहर बैठे हैं फिलिप्स

गौरतलब है कि ग्लेन फिलिप्स पिछले करीब पांच हफ्तों से गुजरात टाइटंस की प्लेइंग-11 से बाहर चल रहे हैं। टीम ने विदेशी संयोजन में Jason Holder को प्राथमिकता दी है। हालांकि GT की खराब फील्डिंग को देखते हुए संभावना जताई जा रही है कि क्वालिफायर-2 में फिलिप्स को इम्पैक्ट प्लेयर विकल्प के तौर पर शामिल किया जा सकता है।

IPL 2026 में फ्लॉप रहे फिलिप्स

इस सीजन फिलिप्स का प्रदर्शन भी खास नहीं रहा। उन्होंने 6 पारियों में सिर्फ 67 रन बनाए। उनका औसत 16.75 और स्ट्राइक रेट 124.07 रहा।

अब क्वालिफायर-2 में मिलेगी दूसरी चुनौती

गुजरात टाइटंस अब 29 मई को मुल्लांपुर में क्वालिफायर-2 खेलेगी, जहां उसका सामना Sunrisers Hyderabad और Rajasthan Royals के बीच होने वाले एलिमिनेटर मैच की विजेता टीम से होगा।