स्पोर्ट्स डेस्क : रणजी ट्रॉफी 2025-26 के क्वार्टरफाइनल मुकाबले में बंगाल ने आंध्र प्रदेश को एक पारी और 90 रनों से करारी शिकस्त दी। आंध्र की ओर से नितीश कुमार रेड्डी ने पांचवें दिन 90 रनों की जुझारू पारी खेली, लेकिन वह अपनी टीम को पारी की हार से नहीं बचा सके। दूसरी ओर, सुदीप कुमार घरामी की रिकॉर्ड 299 रन की ऐतिहासिक पारी बंगाल की जीत की सबसे बड़ी वजह बनी।
पांचवें दिन भी आंध्र प्रदेश का संघर्ष जारी
चौथे दिन का खेल खत्म होने तक आंध्र प्रदेश का स्कोर 64/3 था। अभिषेक रेड्डी, सीआर ज्ञानेश्वर और शेख रशीद सस्ते में पवेलियन लौट चुके थे। पांचवें दिन कप्तान रिकी भुई 51 गेंदों में 30 रन बनाकर शाहबाज अहमद का शिकार बने। इसके बाद केवी ससिकांत और सौरभ कुमार भी कुछ खास नहीं कर सके और आंध्र प्रदेश ने शुरुआती सत्र में ही 96/6 का स्कोर देख लिया।
नितीश कुमार रेड्डी की जुझारू पारी
इसके बाद नितीश कुमार रेड्डी और केएस नरसिम्हा राजू ने पारी संभालने की कोशिश की। दोनों के बीच सातवें विकेट के लिए 57 रनों की साझेदारी हुई। राजू ने 67 गेंदों में 25 रन बनाए, जबकि नितीश ने 98 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया।
हालांकि, अनुष्टुप मजूमदार ने इस साझेदारी को तोड़ दिया। नितीश को बाद में शाहबाज अहमद ने 72वें ओवर में आउट किया। उन्होंने 144 गेंदों में 90 रन, जिसमें 7 चौके और 2 छक्के शामिल थे, बनाए लेकिन वह अपने शतक से चूक गए।
त्रिपुर्णा विजय का योगदान, फिर ढह गई पारी
नितीश के बाद त्रिपुर्णा विजय ने कुछ आक्रामक शॉट्स खेले। उन्होंने 61 गेंदों में 46 रन बनाए, जिसमें 2 छक्के और 6 चौके शामिल थे। लेकिन सुमंत गुप्ता ने उन्हें आउट कर आंध्र प्रदेश की उम्मीदों पर पूरी तरह पानी फेर दिया। पूरी टीम 72.2 ओवर में 244 रन पर सिमट गई और मुकाबला एक पारी की हार के साथ समाप्त हुआ।
घरामी की 299 रन की ऐतिहासिक पारी
इससे पहले मुकाबले में बंगाल ने टॉस हारकर पहले गेंदबाजी की। मुकेश कुमार ने पांच विकेट लिए, जबकि आकाश दीप ने चार विकेट झटके और आंध्र प्रदेश की पहली पारी 295 रनों पर सिमट गई। कप्तान रिकी भुई ने सर्वाधिक 83 रन बनाए।
जवाब में बंगाल की शुरुआत लड़खड़ाई और टीम ने 153 रन पर अपने पांच विकेट गंवा दिए। इसके बाद सुदीप कुमार घरामी ने मोर्चा संभाला और एक ऐतिहासिक पारी खेली। उन्हें सुमंत गुप्ता (81) और शाकिर हबीब गांधी (95) का शानदार साथ मिला।
घरामी दुर्भाग्यशाली रहे और 299 रन पर आउट हो गए। वह प्रथम श्रेणी क्रिकेट के इतिहास में 299 पर आउट होने वाले दूसरे बल्लेबाज बने। इसके बाद मोहम्मद शमी ने 33 गेंदों में तेज़तर्रार 53 रन बनाए और बंगाल ने 629 रन बनाकर 334 रनों की विशाल बढ़त हासिल की।
सेमीफाइनल की तस्वीर साफ
रणजी ट्रॉफी के सेमीफाइनल 15 फरवरी से शुरू होंगे। बंगाल का मुकाबला जम्मू-कश्मीर से होगा, जिसने मध्य प्रदेश को 56 रनों से हराया। दूसरे सेमीफाइनल में कर्नाटक और उत्तराखंड आमने-सामने होंगे। कर्नाटक ने केएल राहुल के शतक की मदद से मुंबई को हराया, जबकि उत्तराखंड ने झारखंड को एक पारी और 6 रन से मात दी।