Sports

नई दिल्लीः आतंकवादियों की माैत पर बाैखलाए पाकिस्तान क्रिकेटर शाहिद अफरीदी को गाैतम गंभीर ने करारा जवाब दिया। अफरीदी ने भारत द्वारा लिए गए एक्शन का विरोध किया आैर ट्विटर के जरिए कहा कि यह बेगुनाहों की हत्या के बराबर है। भारतीय क्रिकेटर ने अफरीदी के ट्वीट को नो बॉल पर मिले विकेट के जश्न जैसा बताया है। यही नहीं, उन्होंने यह भी कहा कि मीडिया को उन्हें गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है। 

दिया करारा जवाब
गंभीर ने अफरीदी को करारा जवाब देते कहा, ''हमारे कश्मीर और संयुक्त राष्ट्र को लेकर किए गए शाहिद अफरीदी के ट्वीट पर रिएक्शन के लिए मीडिया की ओर से मुझे कॉल आए। इसमें क्या कहना है? अफरीदी सिर्फ यूएन की ओर देख रहे हैं, जिसका मतलब उनके शब्दकोश में अंडर-19 है। मीडिया इसे हल्के में ही ले। अफरीदी नो बॉल पर आउट होने का जश्न मना रहे हैं।'' 

PunjabKesari

भारतीय सेेना की निंदा करते हुए अफरीदी ने किया था ये ट्वीट
अफरीदी ने ट्विट करते लिखा था, 'भारत अधिकृत कश्मीर (जम्मू कश्मीर) की स्थिति बेचैन करनेवाली और चिंताजनक है। यहां आत्मनिर्णय और आजादी की आवाज को दबाने के लिए दमनकारी शासन द्वारा निर्दोषों को मार दिया जाता है। हैरान हूं कि संयुक्त राष्ट्र और अन्य अंतरराष्ट्रीय संगठन कहां हैं? वे इस खूनी संघर्ष को रोकने के लिए कुछ क्यों नहीं कर रहे?'

PunjabKesari
अफरीदी के अलावा क्रिकेटर इमरान खान ने भी ट्विटर के जरिए भारतीय सुरक्षाबलों की निंदा करते हुए लिखा, ''आईओके में जिस तरह भारतीय सेना ने क्रूरता दिखाते हुए निहत्थे लोगों का कत्ल किया है, उसकी मैं घोर निंदा करता हूं। पाकिस्तान के लोग कश्मीरियों के साथ उनके लोकतांत्रिक संघर्ष के लिए साथ खड़े हैं। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद को भारतीय आक्रमण के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।''

गाैरतलब है कि जम्मू-कश्मीर के शोपियां और अनंतनाग जिले में रविवार (एक अप्रैल) को भारतीय सेना ने आतंकियों के खिलाफ अभियान चलाया था। आतंकियों के साथ इस दौरान सेना के जवानों की मुठभेड़ हुई थी, जिसमें लगभग 13 आतंकवादी मारे गए थे। देश की हिफाजत करते वक्त भारतीय सेना के तीन जवान भी शहीद हो गए थे। वहीं, चार आम नागरिकों के मारे जाने और करीब 70 लोगों के जख्मी होने की खबर आई थी।