Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : दिल्ली के एक पांच सितारा होटल से 5 लाख रुपए से अधिक की धोखाधड़ी करने के 25 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक हरियाणा के फरीदाबाद के रहने वाले मृणांक सिंह ने अंडर-19 स्तर पर राज्य की क्रिकेट टीम का प्रतिनिधित्व किया है। इसी के साथ ही उसने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में एक टीम का प्रतिनिधित्व करने का भी दावा किया। 

मृणांक पर खुद को एक वरिष्ठ भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) अधिकारी के रूप में पेश करके भारत भर में कई लक्जरी होटल मालिकों/प्रबंधकों को धोखा देने का आरोप है। पीड़ितों में कथित तौर पर एक मशहूर भारतीय क्रिकेटर भी शामिल है। एक रिपोर्ट के मुताबाकि मृणांक ने ऋषभ पंत से 2020-2021 में 1.63 करोड़ रुपए की धोखाधड़ी की थी  आरोपी अलग-अलग तरीकों से पांच सितारा होटलों और रिसॉर्ट्स को ठगने के लिए खुद को एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बताया करता था। पुलिस ने कहा कि उसने खुद को एक आईपीएल फ्रेंचाइजी के खिलाड़ी के रूप में पेश किया और अपने 'स्टारडम' का इस्तेमाल महिलाओं को धोखा देने और विलासितापूर्ण जीवन जीने के लिए ऐसा किया। 

PunjabKesari

मृणांक ने एक अंतरराष्ट्रीय खेल ब्रांड का एमबेस्डर होने का भी दावा किया और खेल उपकरण शोरूमों को धोखा दिया। उन्होंने यह भी दावा किया कि वह कई भारतीय क्रिकेटरों के साथ घनिष्ठ रूप से जुड़ा हुआ है। 22 अगस्त 2022 को मध्य दिल्ली के एक पांच सितारा होटल के सुरक्षा निदेशक से चाणक्यपुरी पुलिस स्टेशन में एक शिकायत प्राप्त हुई थी। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि शिकायत में आरोप लगाया गया है कि मृणांक ने खुद को क्रिकेटर बताया और 22-29 जुलाई, 2022 को होटल में रुका। 

हर बार किए झूठे वादे 

वह 5,53,362 रुपए (5.53 लाख रुपए) का बिल चुकाए बिना ही होटल से चला गया। अधिकारी ने कहा कि भुगतान के लिए पूछे जाने पर मृणांक ने कहा कि उनका प्रायोजक बिल का निपटान करेगा और तदनुसार होटल ने अपने बैंक विवरण साझा किए। 2 लाख रुपए के ऑनलाइन ट्रांजैक्शन का यूटीआर नंबर होटल को भेजा गया लेकिन वह संदिग्ध पाया गया। इसके बाद होटल ने मृणांक और उनके मैनेजर गगन सिंह से संपर्क किया। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (नई दिल्ली) रविकांत कुमार ने कहा कि मृणांक ने होटल से कहा कि वह अपने ड्राइवर को नकदी के साथ भेजेंगे लेकिन कोई नहीं आया। बकाया चुकाने के लिए उनसे कई बार संपर्क किया गया लेकिन उन्होंने झूठे वादे किए और हर बार होटल को गलत जानकारी दी। 

कुमार ने कहा इसके बाद भारतीय दंड संहिता की धारा 420 (धोखाधड़ी और बेईमानी से संपत्ति की डिलीवरी के लिए प्रेरित करना) के तहत चाणक्यपुरी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान उनके पते पर नोटिस भेजा गया लेकिन वह उपस्थित नहीं मिले। पुलिस ने कहा कि उसका मोबाइल फोन बंद था और उसकी ज्यादातर बातचीत सोशल मीडिया पर थी। उनके परिचितों को यह विश्वास दिलाया गया कि वह भारत में नहीं हैं और दुबई में बस गए हैं। कुमार ने कहा इसके बाद उनके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया गया और लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया। 

PunjabKesari

खुद को बताया वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी 

मृणांक को सोमवार को हांगकांग जाने की कोशिश के दौरान आईजीआई हवाई अड्डे पर गिरफ्तार किया गया था। कुमार ने कहा कि हिरासत के दौरान मृणांक ने खुद को एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी बताकर जांच अधिकारियों को प्रभावित करने का प्रयास किया। उसने खुलासा किया कि उसने खुद को आईपीएल टीम का क्रिकेटर बताकर कई लग्जरी रिसॉर्ट्स/होटलों से लाखों रुपए की ठगी की। पुलिस ने कहा कि उसके मोबाइल फोन के आगे के विश्लेषण से पता चला कि उसकी धोखाधड़ी और प्रतिरूपण के कई पीड़ित थे। मृणांक को दो दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। पुलिस ने कहा कि वह मुंबई (महाराष्ट्र), हरियाणा और पंजाब में धोखाधड़ी के तीन मामलों में भी शामिल पाया गया।