स्पोर्ट्स डेस्क : बुधवार को लखनऊ में हुए इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के अपने पहले मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को दिल्ली कैपिटल्स के हाथों 6 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। इस मैच के दौरान LSG के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने एक ऐसा बड़ा कमाल किया जो IPL के 18 साल के इतिहास में किसी और गेंदबाज ने नहीं किया है। जब दिल्ली ने लखनऊ के के खिलाफ 142 रनों के लक्ष्य हासिल करने की शुरूआत की तो शमी ने पहली ही गेंद पर ओपनर केएल राहुल को आउट कर दिया। इस विकेट के साथ शमी टूर्नामेंट के इतिहास में ऐसे पहले गेंदबाज बन गए जिन्होंने 5 बार मैच की पहली ही गेंद पर विकेट लिया है।
IPL के इतिहास में पहली गेंद पर सबसे ज्यादा विकेट :
5 - मोहम्मद शमी
3 - प्रवीण कुमार
3 - उमेश यादव
3 - ट्रेंट बोल्ट
3 - लसिथ मलिंगा
3 - भुवनेश्वर कुमार
3 - अशोक डिंडा
3 - पैट कमिंस
समीर रिजवी ने 'इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट' के तौर पर आकर अपनी प्रतिभा का जबरदस्त प्रदर्शन किया जिससे दिल्ली कैपिटल्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ शुरुआती झटकों के बावजूद 6 विकेट से आसान जीत हासिल की और IPL में अपनी जीत की शुरुआत की। 142 रनों के छोटे लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली ने शुरुआती 5 ओवरों में ही 26 रन पर 4 विकेट गंवा दिए थे। लेकिन T नटराजन की जगह आए रिजवी (47 गेंदों पर 70 रन, नाबाद) ने अनुभवी ट्रिस्टन स्टब्स (32 गेंदों पर 39 रन, नाबाद) के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 119 रनों की अटूट साझेदारी की और सिर्फ 17.1 ओवरों में ही टीम को लक्ष्य तक पहुंचा दिया। इससे पहले, LSG ने बल्लेबाजी में बेहद निराशाजनक प्रदर्शन किया और कुछ गलत रणनीतिक फैसलों के चलते 18.4 ओवरों में सिर्फ 141 रन बनाकर ऑल आउट हो गई।