लाहौर : पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) में फखर जमान को दो मैचों के लिए सस्पेंड कर दिया गया है। उन्हें टूर्नामेंट के 'खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ के लिए आचार संहिता' (Code of Conduct) के आर्टिकल 2.14 के तहत लेवल 3 के उल्लंघन का दोषी पाया गया था। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने मंगलवार को इस फैसले की पुष्टि की। यह फैसला रविवार 29 मार्च को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में लाहौर कलंदर्स और कराची किंग्स के बीच हुए मैच के बाद लिया गया।
मामला आर्टिकल 2.14 उन उल्लंघनों से संबंधित है जिनमें गेंद की स्थिति में बदलाव किया जाता है, खासकर PSL की खेलने की शर्तों (Playing Conditions) के क्लॉज 41.3 का उल्लंघन करने पर। इसमें कहा गया है, 'इसलिए निम्नलिखित कार्यों की अनुमति नहीं होगी (यह सूची पूरी नहीं है, बल्कि केवल उदाहरण के तौर पर दी गई है) जिसमें गेंद को खुरदरा बनाने के उद्देश्य से जानबूझकर जमीन पर फेंकना, गेंद पर कोई भी कृत्रिम पदार्थ लगाना और गेंद को चमकाने के अलावा किसी अन्य उद्देश्य से कोई भी गैर-कृत्रिम पदार्थ लगाना, गेंद की किसी भी सीम (जोड़) को उठाना या उसके साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ करना; और उंगली या अंगूठे के नाखूनों, या किसी अन्य चीज से गेंद की सतह को खुरचना।'
पहली बार लेवल 3 का अपराध करने पर एक से दो मैचों का सस्पेंशन हो सकता है। इसमें यह भी कहा गया है कि इस आर्टिकल के तहत कोई भी अपील, मैच रेफरी का लिखित फैसला मिलने के 48 घंटों के भीतर PSL की तकनीकी समिति (Technical Committee) के पास दर्ज की जानी चाहिए।' यह घटना मैच के आखिरी पलों में हुई थी, जब मैदानी अंपायरों ने लाहौर कलंदर्स पर जुर्माना लगाते हुए विपक्षी टीम को 5 रन दे दिए थे। इसके बाद कराची किंग्स की पारी के आखिरी ओवर से पहले गेंद को बदल दिया गया था।
यह आरोप मैदानी अंपायर शाहिद सैकत और फैसल खान आफरीदी, टीवी अंपायर आसिफ याकूब और चौथे अंपायर तारिक रशीद ने साथ मिलकर लगाया था। फखर ने किसी भी गलत काम से इनकार किया और आचार संहिता के तहत मिली अनुमति के अनुसार एक औपचारिक अनुशासनात्मक सुनवाई के दौरान इन आरोपों को चुनौती देने का फैसला किया। मैच रेफरी रोशन महानामा ने इस सुनवाई की अध्यक्षता की। उन्होंने सबूतों की समीक्षा की और अंतिम फैसला लेने से पहले फखर को अपना पक्ष रखने का मौका दिया। इस मौके पर लाहौर कलंदर्स के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी, टीम डायरेक्टर समीन राणा और टीम मैनेजर फारूक अनवर भी मौजूद थे।
लाहौर कलंदर्स अपने आने वाले मैच शुक्रवार 3 अप्रैल को गद्दाफी स्टेडियम में मुल्तान सुल्तांस के खिलाफ खेलेगी जिसके बाद गुरुवार (9 अप्रैल) को कराची के नेशनल बैंक स्टेडियम में इस्लामाबाद यूनाइटेड के साथ उनका मुकाबला होगा।