Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: Board of Control for Cricket in India (BCCI) अब खिलाड़ियों, पूर्व क्रिकेटरों और टीम से जुड़े लोगों की सोशल मीडिया गतिविधियों पर सख्त नजर रख रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक बोर्ड IPL और राज्य संघों की T20 लीग्स में बढ़ते ‘रील कल्चर’ को रोकने के लिए नए और कड़े नियम लागू करने की तैयारी में है। BCCI का मानना है कि लगातार वीडियो और रील बनाने की वजह से खिलाड़ी खेल पर फोकस खो रहे हैं और कई बार संवेदनशील जानकारी भी सार्वजनिक हो जाती है।

डगआउट के पास वीडियो बनाने पर विवाद

रिपोर्ट के अनुसार, IPL 2026 के दौरान एक पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर, जो मौजूदा समय में कमेंटेटर की भूमिका निभा रहे हैं, मैच के दौरान डगआउट के पास अपने यूट्यूब चैनल के लिए वीडियो शूट करते पाए गए। बताया गया कि मैच बेहद तनावपूर्ण स्थिति में था और तभी वह अपने फोन से रिकॉर्डिंग कर रहे थे। BCCI अधिकारियों ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए रिकॉर्डिंग बंद करवाई। हालांकि रिपोर्ट में उस पूर्व क्रिकेटर का नाम सामने नहीं आया है।

कानूनी नोटिस तक पहुंच सकता है मामला

BCCI सूत्रों के मुताबिक, इस मामले में संबंधित पूर्व क्रिकेटर को कानूनी नोटिस भी भेजा जा सकता है। बोर्ड ने साफ कर दिया है कि जो भी व्यक्ति BCCI या IPL की आधिकारिक ड्रेस में मैदान पर मौजूद है, वह किसी भी तरह की निजी रिकॉर्डिंग या कंटेंट शूट नहीं कर सकता। सूत्रों ने कहा, 'कुछ कमेंटेटर्स द्वारा नियमों का उल्लंघन किया गया है। बोर्ड ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और आगे ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।'

‘हनी ट्रैप’ और सुरक्षा को लेकर भी चिंता

BCCI की चिंता सिर्फ रील्स तक सीमित नहीं है। बोर्ड को डर है कि बढ़ते सोशल मीडिया प्रभाव और इन्फ्लुएंसर्स की मौजूदगी के कारण खिलाड़ी ‘हनी ट्रैप’ जैसे मामलों में फंस सकते हैं। इसके अलावा बोर्ड नहीं चाहता कि खिलाड़ी मैच या टूर से जुड़ी संवेदनशील जानकारियां सोशल मीडिया पर साझा करें। खासकर टीम की यात्रा, होटल, प्लेइंग इलेवन और ड्रेसिंग रूम से जुड़ी बातें लीक होने को लेकर BCCI बेहद सतर्क है।

मैच वाले दिन वीडियो पोस्ट करने पर भी नाराजगी

रिपोर्ट में कहा गया है कि कुछ भारतीय खिलाड़ी मैच वाले दिन, मुकाबले से ठीक पहले और मैच खत्म होने के तुरंत बाद वीडियो पोस्ट कर रहे हैं। इसे लेकर BCCI ने नाराजगी जताई है। बोर्ड का मानना है कि खिलाड़ियों को सोशल मीडिया पर समय बिताने के बजाय अपनी स्किल्स और फिटनेस पर ज्यादा ध्यान देना चाहिए।

परिवार वालों को भी दिए गए निर्देश

BCCI ने खिलाड़ियों के परिवार वालों को भी IPL के दौरान फोटो और वीडियो पोस्ट करने से बचने को कहा है। हाल ही में एक भारतीय तेज गेंदबाज की पत्नी द्वारा टीम इंडिया की होटल सुविधाओं से जुड़ा वीडियो साझा करने का मामला भी चर्चा में रहा था। बोर्ड नहीं चाहता कि सोशल मीडिया के जरिए यह संकेत मिले कि कौन खिलाड़ी प्लेइंग इलेवन का हिस्सा है और कौन नहीं।

राज्य T20 लीग्स के लिए भी सख्त नियम

BCCI की एंटी करप्शन यूनिट (ACU) ने राज्य संघों की T20 लीग्स में भी सीनियर खिलाड़ियों के व्यवहार को लेकर चिंता जताई है। रिपोर्ट के अनुसार, कुछ खिलाड़ी टीम बस और होटल में अपने दोस्तों और परिवार वालों को साथ ला रहे थे, जो नियमों के खिलाफ माना गया। ACU का कहना है कि युवा खिलाड़ी सीनियर क्रिकेटरों को देखकर सीखते हैं, इसलिए बड़े खिलाड़ियों को जिम्मेदारी के साथ उदाहरण पेश करना चाहिए।

मुंबई T20 लीग से होगी नई शुरुआत

IPL 2026 के बाद मुंबई T20 लीग पहली ऐसी राज्य स्तरीय प्रतियोगिता होगी, जहां ये सख्त नियम लागू किए जा सकते हैं। इस टूर्नामेंट में Suryakumar Yadav और Shreyas Iyer जैसे बड़े खिलाड़ी खेलते नजर आएंगे।