Sports

मेलबोर्न : रिकॉर्ड 9वां ऑस्ट्रेलियन ओपन और 18वां ग्रैंड स्लेम खिताब जीतने वाले विश्व के नंबर एक खिलाड़ी सर्बिया के नोवाक जोकोविच सर्वाधिक बड़े खिताब जीतने के मामले में स्विट्जरलैंड के रोजर फेडरर और स्पेन के राफेल नडाल से काफी आगे निकल गए हैं। 

जोकोविच ने रूस के डेनिल मेदवेदेव को रविवार को 7-5, 6-2, 6-2 से हराकर ऑस्ट्रेलियन ओपन का खिताब जीता था। उन्होंने इस जीत के साथ ग्रैंड स्लेम खिताब जीतने के मामले में फेडरर और नडाल से अपना फासला कम कर लिया है। वह फेडरर और नडाल के 20 ग्रैंड स्लेम खिताबों के विश्व रिकॉर्ड से 2 खिताब पीछे रह गए हैं। जोकोविच इसके साथ ही एक ग्रैंड स्लेम को 9 बार जीतने वाले नडाल के बाद दूसरे खिलाड़ी बन गए हैं। नडाल ने फ्रेंच ओपन को 13 बार जीता है। 

बड़े खिताबों में ग्रैंड स्लेम, एटीपी वल्डर् टूर फाइनल्स, एटीपी मास्टर्स 1000 टूर्नामेंट और ओलम्पिक एकल स्वर्ण पदक को शामिल किया जाता है। जोकोविच के 59 बड़े खिताब हैं जबकि नडाल के 56 और फेडरर के 54 हैं। सर्बियाई खिलाड़ी ने पिछले 10 सत्रों में से नौ में कम से कम एक बड़ा खिताब जरूर जीता है। जोकोविच के 59 बड़े खिताबों में 18 ग्रैंड स्लेम , पांच एटीपी फाइनल्स और 36 मास्टर्स 10000 खिताब जीते हैं जबकि नडाल ने 20 ग्रैंड स्लेम , एक ओलम्पिक स्वर्ण और 35 मास्टर्स 10000 खिताब, फेडरर ने 20 ग्रैंड स्लेम, छह एटीपी फाइनल्स और 28 मास्टर्स 1000 खिताब जीते हैं।