Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) से संन्यास लेने की खबरें चर्चा का विषय बनी हुई हैं। अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट से साल 2020 में संन्यास ले चुके धोनी को लेकर ऐसा माना जा रहा है कि यह आईपीएल में उनका आखिरी सीजन होगा। धोनी के कई साथी क्रिकेटर और कई क्रिकेट एक्सपर्ट भी यह कह चुके हैं कि चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान धोनी इस साल आईपीएल में आखिरी बार दिखेंगे।

वहीं अभी तक खुद धोनी ने अपने संन्यास को लेकर कोई जानकारी नहीं दी है, लेकिन वह कई बार बातों-बातों में संन्यास को लेकर संकेत दे चुके हैं। हालांकि, धोनी को लेकर सभी का मानना है कि वह इस सीजन संन्यास ले ही लेंगे, लेकिन पूर्व भारतीय क्रिकेटर यूसुफ पठान की सोच अलग है।

युसूफ पठान का कहना है कि धोनी अगले पांच साल आईपीएल खेल सकते हैं। उन्होंने का कहा है कि आईपीएल में इम्पैक्ट प्लेयर नियम से धोनी को काफी फायदा होगा और इस नियम के चलते आगे भी आईपीएल खेल सकते हैं।

PunjabKesari

यूसुफ पठान ने कहा, “एमएस धोनी को क्यों जाने दिया जाना चाहिए? नए इम्पैक्ट प्लेयर नियम के साथ धोनी 5 साल तक खेल सकते हैं। हालांकि वह कप्तान नहीं बने रह सकते हैं, लेकिन चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस उन्हें बल्लेबाजी और मेंटर के रूप में देखेंगे।"

यूसुफ ने आगे कहा “मेरी राय में नए इम्पैक्ट प्लेयर नियम के कारण धोनी अगले पांच साल तक खेलना जारी रख सकते हैं। उन्होंने अभी तक अपने संन्यास के बारे में कोई बात नहीं कही है और लोग खुद ही इसके बारे में बात कर रहे हैं। धोनी में अभी काफी क्रिकेट बाकी है। हमने देखा कि वह घुटन में दर्द के बावजूद बड़े-बड़े छक्के लगाते हैं, तो यह खेल के प्रति उनकी विशिष्टता को दर्शाता है।