Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: पंजाब के खिलाफ मैच हारने के बाद चेन्नई सुपर किंग्स के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने माना कि IPL 2026 की नीलामी में टीम ने कई गेंदबाजों पर नजर रखी थी, लेकिन वे उन्हें टीम में शामिल नहीं कर पाए। फ्लेमिंग ने कहा, 'हमने नीलामी के दौरान कई गेंदबाजों पर विचार किया था, लेकिन हम उनमें से कई को नहीं ले पाए। उस समय कुछ गेंदबाज फॉर्म में नहीं थे, लेकिन अब वे अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। भरोसा मानिए, हमने हर विकल्प पर चर्चा की थी, लेकिन आखिर में हम कुछ खिलाड़ियों को मिस कर गए।'

210 रन डिफेंड नहीं कर पाई CSK

Punjab Kings के खिलाफ चेन्नई ने 210 रन का बड़ा स्कोर बनाया था, लेकिन टीम इसे डिफेंड नहीं कर पाई और मैच हार गई। इस हार के बाद टीम की गेंदबाजी पर सवाल उठ रहे हैं और नीलामी रणनीति भी चर्चा में है।

‘अब टी20 में फिनिशर जैसी कोई चीज नहीं’

फ्लेमिंग ने कहा कि अब टी20 क्रिकेट में पारंपरिक फिनिशर की भूमिका पहले जैसी नहीं रही। उन्होंने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि अब फिनिशर जैसी कोई चीज रह गई है। अब बल्लेबाज पहली गेंद से ही आक्रामक खेलते हैं। पहले ऐसा होता था कि 16वें ओवर तक पारी बनाते थे और फिर आखिर में तेजी से रन बनाते थे, लेकिन अब हर ओवर में 10-12 रन की जरूरत होती है।'

धोनी और ब्रेविस पर जताया भरोसा

फ्लेमिंग ने टीम की बल्लेबाजी पर भरोसा जताते हुए कहा कि टीम के पास अभी भी दमदार बल्लेबाज हैं। उन्होंने कहा, '240 रन बनाने के लिए अब पूरी टीम को आक्रामक खेलना पड़ता है और हमारे पास ऐसे खिलाड़ी हैं। हमारे पास डेवॉल्ड ब्रेविस हैं और एमएस धोनी जैसे दुनिया के बेहतरीन फिनिशर हैं। टीम के पास पावर है और हम तेज रन गति से बल्लेबाजी कर सकते हैं।'

लगातार हार से दबाव में CSK

पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह सीजन अब तक अच्छा नहीं रहा है। टीम अपने शुरुआती दोनों मैच हार चुकी है। अब टीम का अगला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन Royal Challengers Bengaluru से होगा, जहां चेन्नई की टीम जीत के साथ वापसी करना चाहेगी।
 

NO Such Result Found