Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : टी-20 वर्ल्ड कप 2026 में USA को 29 रन से हराने के बाद भारतीय टीम के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पुष्टि की है कि स्टार ऑलराउंडर वॉशिंगटन सुंदर जल्द ही टीम के साथ जुड़ने वाले हैं।

सुंदर साइड स्ट्रेन की वजह से USA के खिलाफ पहले मुकाबले में नहीं खेल सके थे और इस समय बेंगलुरु स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस में रिहैब से गुजर रहे हैं।

दिल्ली में नामीबिया के खिलाफ टीम से जुड़ेंगे सुंदर

कप्तान सूर्या के मुताबिक, वॉशिंगटन सुंदर की रिकवरी सही दिशा में है और वह नई दिल्ली में टीम इंडिया को जॉइन करेंगे। भारत का अगला मुकाबला 12 फरवरी को नामीबिया के खिलाफ अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जाना है।

पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में सूर्या ने कहा, 'वॉशी दिल्ली में हमारे साथ जुड़ेंगे। वह बिल्कुल ठीक हैं, सब कुछ सही चल रहा है।'

बुमराह की गैरमौजूदगी पर भी आया अपडेट

सूर्यकुमार यादव ने जसप्रीत बुमराह की अनुपस्थिति को लेकर भी स्थिति साफ की। उन्होंने बताया कि बुमराह USA के खिलाफ मैच में वायरल फीवर की वजह से नहीं खेल सके। 'बुमराह को तेज बुखार था, मौसम की वजह से। जैसे अभिषेक थोड़ा अंडर द वेदर थे। बाकी सब ठीक है।'

टीम मैनेजमेंट को उम्मीद है कि बुमराह जल्द ही मैदान पर वापसी करेंगे, जो टूर्नामेंट के आगे बढ़ने के साथ भारत के लिए बेहद अहम होंगे।

अभिषेक शर्मा पूरी तरह फिट नहीं थे

कप्तान ने यह भी खुलासा किया कि ओपनर अभिषेक शर्मा इस मैच के लिए 100 फीसदी फिट नहीं थे। बावजूद इसके उन्होंने खेलने का फैसला किया। माना जा रहा है कि यही वजह उनकी पहली गेंद पर आउट होने का कारण बनी।

बल्लेबाजी में संघर्ष, USA ने किया हैरान

वानखेड़े स्टेडियम में भारतीय बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई। अभिषेक शर्मा और शिवम दुबे गोल्डन डक पर आउट हुए, चार अन्य बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके, एक समय भारत का स्कोर 77/6 था; यहां तक कि सेट बल्लेबाज ईशान किशन भी लय में नजर नहीं आए।

सूर्या की नाबाद 84 रन की पारी ने बचाई लाज

संकट के समय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 49 गेंदों पर नाबाद 84 रन की मास्टरक्लास पारी खेली और भारत को 161 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। यही स्कोर अंत में USA के खिलाफ 29 रन की जीत के लिए काफी साबित हुआ।

जीत के बाद भी आत्ममंथन में कप्तान

मैच के बाद सूर्या ने साफ कहा कि जीत के बावजूद टीम को सीख लेने की जरूरत है। 'जीत के बाद भी बहुत कुछ सीखने को मिलता है। आज हमने सीखा कि हम और बेहतर और स्मार्ट बल्लेबाजी कर सकते थे। छोटी-छोटी साझेदारियां हमें 160 तक आसानी से पहुंचा सकती थीं।'

उन्होंने आगे कहा कि टीम के पास अगले मैच से पहले पांच दिन का समय है और भारत और मजबूत होकर वापसी करेगा।