मेलबर्न: क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने 4 अगस्त को भारत दौरे के लिए ऑस्ट्रेलिया A महिला टीम का ऐलान कर दिया। यह दौरा सितंबर में खेला जाएगा, जिसमें दोनों टीमों के बीच तीन टी20, तीन वनडे और एक चार दिवसीय मुकाबला खेला जाएगा। सबसे बड़ी खबर तेज गेंदबाज टायला व्लामिंक की लगभग दो साल बाद प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी है। वहीं, टी20 विश्व कप 2026 की टीम से बाहर की गईं डार्सी ब्राउन को भी 15 सदस्यीय स्क्वाड में जगह मिली है।
करीब दो साल बाद टायला व्लामिंक की वापसी
टायला व्लामिंक ने आखिरी बार अक्टूबर 2024 में पाकिस्तान के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। इसके बाद लगातार चोटों ने उन्हें लंबे समय तक मैदान से दूर रखा। इस साल उन्होंने कंधे की चोट से उबरने के बाद एक तीन दिवसीय मैच खेला, जिसमें दोनों पारियों में छह-छह ओवर फेंके। अब भारत दौरे के जरिए वह प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में दमदार वापसी करेंगी।
टी20 वर्ल्ड कप से बाहर हुईं डार्सी ब्राउन को मिला मौका
23 वर्षीय तेज गेंदबाज डार्सी ब्राउन को इंग्लैंड में खेले गए महिला टी20 विश्व कप 2026 की ऑस्ट्रेलियाई टीम में जगह नहीं मिली थी। उनकी जगह युवा लेफ्ट आर्म पेसर लूसी हैमिल्टन को चुना गया था। ब्राउन ने इस साल अप्रैल में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपना आखिरी अंतरराष्ट्रीय मुकाबला खेला था। अब भारत दौरे पर शानदार प्रदर्शन कर वह राष्ट्रीय टीम में वापसी का दावा मजबूत करना चाहेंगी।
चयनकर्ता ने वापसी का किया स्वागत
राष्ट्रीय चयनकर्ता शॉन फ्लेगलर ने कहा कि टायला व्लामिंक और डार्सी ब्राउन जैसी अनुभवी तेज गेंदबाजों की वापसी युवा खिलाड़ियों के लिए काफी फायदेमंद होगी। उन्होंने कहा, 'दोनों खिलाड़ियों का अंतरराष्ट्रीय अनुभव टीम के लिए बेहद अहम है। युवा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय तेज गेंदबाजों के साथ सीखने और अपने खेल को निखारने का शानदार अवसर मिलेगा।'
कोचिंग स्टाफ की जिम्मेदारी
ऑस्ट्रेलिया की सीनियर महिला टीम के सहायक कोच गेवन ट्वाइनिंग इस दौरे पर ऑस्ट्रेलिया A टीम के मुख्य कोच होंगे। उनके साथ मिक डिलेनी और पूर्व ऑस्ट्रेलियाई स्पिनर कैमरून बॉयस सहायक कोच की भूमिका निभाएंगे। 37 वर्षीय बॉयस ने अभी तक आधिकारिक तौर पर संन्यास की घोषणा नहीं की है और उन्होंने अपने करियर में सात टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं।
ऑस्ट्रेलिया A महिला टीम
डार्सी ब्राउन, मेटलान ब्राउन, निकोल फाल्टम, टेस फ्लिंटॉफ, सियाना जिंजर, चार्ली नॉट, अनिका लियरॉयड, केटी मैक, लिली मिल्स, फ्रेंकी निक्लिन, हेले सिल्वर-होल्म्स, रैचेल ट्रेनेमन, कोर्टनी वेब, टालिया विल्सन, टायला व्लामिंक।
भारत A बनाम ऑस्ट्रेलिया A कार्यक्रम
भारत दौरे की शुरुआत 12 सितंबर से न्यू चंडीगढ़ में टी20 सीरीज के साथ होगी। तीन टी20 मुकाबले 12, 15 और 17 सितंबर को खेले जाएंगे। इसके बाद 20 से 25 सितंबर के बीच आईएस बिंद्रा स्टेडियम में तीन वनडे मैच होंगे। दौरे का आखिरी मुकाबला 29 सितंबर से धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में चार दिवसीय मैच के रूप में खेला जाएगा।