Cricket

नई दिल्लीः पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के गुरूवार शाम निधन से समूचे भारतीय खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गयी हैं और केंद्रीय खेल मंत्री राजयवर्धन सिंह राठौड़, क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर, कुश्ती गुरु महाबली सतपाल सहित तमाम खिलडिय़ों ने उनके सम्मान में नतमस्तक होते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी है।वाजपेयी को खेलों से भी बहुत लगाव था। वह देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों से बराबर मुलाकात कर उनका हमेशा उत्साहवर्धन करते थे। उनके निधन से खेल जगत शोक में डूब गया है और खेल हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है।  

खेल मंत्री राठौड़ ने शोक व्यक्त करते हुए लिखा, ''अपने वचन के पक्के, वादों और इरादों में‘अटल’हमारे अटल जी हमारे बीच नहीं रहे। चाहे पोखरण हो या करगिल, राष्ट्र निर्माण में अटल जी का योगदान कृतज्ञता और सम्मान से याद किया जाएगा। नेता और जनता, सभी के मन में बसते थे हमारे अटल जी। उनका निधन देश के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है।'' 

सचिन ने शोक जताते हुए ट्वीट किया, ''भारतवर्ष को आज बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी का देश के लिए योगदान अतुलनीय है। उनके निधन पर परिवार और उनके करीबियों के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।''  

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने ट्वीट कर लिखा, ''भारतीय क्रिकेट टीम और बीसीसीआई पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर शोक व्यक्त करता है। अटल जी ने देश की सेवा में अपना जीवन समर्पित किया।'' 

पूर्व क्रिकेटर वीरेंद्र सहवाग ने एक कविता के साथ वाजपेयी जी को अपनी श्रद्धांजलि दी। उन्होंने शोक संदेश के साथ 2004 के पाकिस्तान दौरे पर जाने से पहले तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के साथ टीम की मुलाकात की तस्वीर भी साझा की है। सहवाग ने लिखा, ''आसमान को छू गया, जो आसमान सा विशाल था, धरती में सिमट गया। जो मिट्टी सा नर्म था। कौन है जो अटल रह पाया जिंदगी भर। अटल बनके वो जिंदगी को पा गया। ओम शांति! अटल बिहारी वाजपेयी जी।'' 

पूर्व क्रिकेटर वीवीएस लक्ष्मण ने ट्वीट किया, ''भारत के सबसे चहेते प्रधानमंत्रियों में से एक, महान कवि और दूरदर्शी राजनेता नहीं रहे। सारे देश को आपकी कमी खलेगी अटल बिहारी वाजपेयी जी। उनके समर्थकों और करीबियों के साथ मेरी संवेदना है।''


ओलंपिक पदक विजेता पहलवान योगेश्वर दत्त ने कहा, ''अटल जी जैसा महान व्यक्तित्व न हुआ है और न हो सकता है। अटल केवल उनका नाम नहीं उनके व्यक्तित्व की पहचान था।'' 

ओलंपिक कांस्य पदक विजेता मुक्केबाज विजेंद्र सिंह ने कहा, ''इस देश के सबसे महान प्रधानमंत्रियों में से एक, दूरदर्शी नेता, कवि और करोड़ों दिल जीतने वाले भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी हमारे बीच नहीं रहे। वो सम्मान के हकदार हैं। मातृभूमि के लिए उनका किया गया योगदान आने वाली पीढिय़ों को प्रेरित करेगा।''  

पूर्व भारतीय क्रिकेटर और कोच अनिल कुंबले, पूर्व क्रिकेटर मोहम्मद कैफ, कमेंटेटर हर्षा भोगले, इंग्लैंड गई भारतीय टीम के सदस्यों रविचंद्रन अश्विन, शिखर धवन और चेतेश्वर पुजारा ने भी श्री वाजपेयी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।