स्पोर्ट्स डेस्क : सनराइजर्स हैदराबाद का IPL 2026 का सफर राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में हार के साथ खत्म हो गया। इस मैच में SRH की बल्लेबाजी शुरुआत शानदार रही, लेकिन टीम बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए दबाव में बिखर गई। हार के बाद भारत के अनुभवी ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने ट्रैविस हेड और ईशान किशन की बल्लेबाजी पर सवाल उठाए हैं।
अश्विन ने कहा कि SRH के बल्लेबाजों ने गैरजिम्मेदाराना शॉट खेलकर मैच हाथ से गंवा दिया। उन्होंने खासतौर पर ट्रैविस हेड के भविष्य को लेकर फ्रेंचाइजी मैनेजमेंट को सोचने की सलाह दी।
‘ऐसे शॉट खेलकर आउट होने का कोई मतलब नहीं’
अश्विन ने अपने यूट्यूब शो ‘Ash Ki Baat’ में कहा कि SRH आसानी से मुकाबला जीत सकती थी, क्योंकि टीम ने शुरुआती ओवरों में बेहद तेज शुरुआत की थी। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि SRH यह मैच आसानी से जीत सकती थी। जब टीम पहले दो ओवर में 32-34 रन बना चुकी थी और तीन ओवर में लगभग 50 रन हो गए थे, तब ईशान किशन का शॉट बिल्कुल गैरजरूरी था। उन्होंने अपना विकेट फेंक दिया।' अश्विन ने आगे कहा, 'इतने बड़े मैच में ऐसा शॉट खेलने का कोई मतलब नहीं था। यह बहुत खराब शॉट था।'
ट्रैविस हेड पर भी उठाए सवाल
रविचंद्रन अश्विन ने ट्रैविस हेड के पूरे सीजन के प्रदर्शन पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि SRH मैनेजमेंट को अब हेड के भविष्य को लेकर गंभीरता से सोचना चाहिए। अश्विन ने कहा, 'ट्रैविस हेड ने इस सीजन बिल्कुल प्रदर्शन नहीं किया। मैनेजमेंट को उनके बारे में जरूर सोचना चाहिए। उन्हें ज्यादा जिम्मेदारी के साथ बल्लेबाजी करनी चाहिए थी। ऐसे खराब शॉट खेलकर आउट होने का कोई फायदा नहीं था।' एलिमिनेटर मुकाबले में ट्रैविस हेड सिर्फ 8 गेंदों में 17 रन बनाकर जोफ्रा आर्चर की गेंद पर बोल्ड हो गए। वह बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में अपना विकेट गंवा बैठे।
तेज शुरुआत के बावजूद हार गई SRH
243 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए SRH ने तूफानी शुरुआत की थी। टीम ने सिर्फ 2.4 ओवर में 50 रन पूरे कर लिए थे। हालांकि इसके बाद लगातार विकेट गिरते रहे और पूरी टीम दबाव में आ गई।
राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने 29 गेंदों में 97 रन की विस्फोटक पारी खेलकर मैच का रुख पहले ही बदल दिया था। इसके बावजूद SRH के पास मुकाबले में वापसी का मौका था, लेकिन शीर्ष क्रम की विफलता भारी पड़ गई।
IPL 2026 में फीका रहा ट्रैविस हेड का प्रदर्शन
ट्रैविस हेड का स्ट्राइक रेट इस सीजन 170.12 रहा, लेकिन वह लगातार बड़ी पारियां खेलने में नाकाम रहे। उन्होंने IPL 2026 में 410 रन बनाए और सिर्फ दो अर्धशतक लगाए। वहीं IPL 2024 में हेड ने SRH के लिए विस्फोटक बल्लेबाजी करते हुए 567 रन बनाए थे और टीम की आक्रामक बल्लेबाजी की पहचान बन गए थे। उस प्रदर्शन के बाद ही फ्रेंचाइजी ने उन्हें 14 करोड़ रुपये में रिटेन किया था।
हालांकि पिछले दो सीजन में उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। ऐसे में माना जा रहा है कि अगले मेगा ऑक्शन से पहले SRH उनके भविष्य को लेकर बड़ा फैसला ले सकती है।