Sports

मुंबई : तुषार देशपांडे और मोहित अवस्थी की घातक गेंदबाजी के बाद आकाश आनंद और मुशीर खान की संयमित पारियों की बदौलत मुंबई ने रणजी ट्रॉफी के चौथे क्वार्टरफाइनल में कर्नाटक के खिलाफ अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक मुंबई ने दूसरी पारी में 2 विकेट पर 189 रन बना लिए हैं।

कर्नाटक की पारी 173 पर सिमटी

कर्नाटक ने शनिवार को अपनी पारी 2 विकेट पर 110 रन से आगे बढ़ाई, लेकिन सुबह के सत्र में करूण नायर (4) के आउट होते ही विकेटों की झड़ी लग गई। एक छोर से मयंक अग्रवाल ने संघर्ष जारी रखा और 134 गेंदों पर 14 चौकों व एक छक्के की मदद से 92 रन बनाए। वह आठवें विकेट के रूप में आउट हुए। मुंबई की धारदार गेंदबाजी के सामने कर्नाटक के आठ बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सके और पूरी टीम 47.1 ओवर में 173 रन पर ढेर हो गई।

देशपांडे–अवस्थी की घातक गेंदबाजी

मुंबई की ओर से तुषार देशपांडे और मोहित अवस्थी ने चार-चार विकेट झटके, जबकि शार्दुल ठाकुर और सूर्यांश शेडगे को एक-एक सफलता मिली।

जायसवाल–हरवाड़कर की अच्छी शुरुआत

दूसरी पारी में मुंबई के लिए यशस्वी जायसवाल और अखिल हरवाड़कर ने पहले विकेट के लिए 77 रन जोड़कर मजबूत शुरुआत दिलाई। 13वें ओवर में हरवाड़कर (33) रनआउट हुए, जबकि अगले ओवर में श्रेयस गोपाल ने जायसवाल (36) को स्टंप आउट करा दिया।

आकाश–मुशीर ने पारी को संभाला

77 रन पर दो विकेट गिरने के बाद मुंबई दबाव में आ गई थी, लेकिन आकाश आनंद और मुशीर खान ने मोर्चा संभाल लिया। खराब रोशनी के कारण खेल रोके जाने तक मुंबई ने 52 ओवर में 2 विकेट पर 189 रन बना लिए। आकाश आनंद 53 रन और मुशीर खान 49 रन बनाकर नाबाद क्रीज पर मौजूद हैं।

अन्य क्वार्टरफाइनल मुकाबलों का हाल

उत्तराखंड को 47 रन की बढ़त: पहले क्वार्टरफाइनल में उत्तराखंड ने झारखंड के खिलाफ दिन का खेल समाप्त होने तक 87 ओवर में 5 विकेट पर 282 रन बनाकर 47 रन की बढ़त हासिल कर ली। जगदीश सुचित (60 नाबाद) और शाश्वत डंगवाल (14 नाबाद) क्रीज पर हैं।

जम्मू-कश्मीर ने मध्यप्रदेश पर कसा शिकंजा

दूसरे क्वार्टरफाइनल में आकिब नबी (7 विकेट) और सुनील कुमार (3 विकेट) की शानदार गेंदबाजी से जम्मू-कश्मीर ने मध्यप्रदेश को पहली पारी में 152 रन पर समेट दिया और 42 रन की बढ़त बना ली। दिन का खेल खत्म होने तक जम्मू-कश्मीर ने दूसरी पारी में 5 विकेट पर 84 रन बना लिए हैं। कन्हैया वधावन (7*) और आबिद मुश्ताक (3*) नाबाद हैं।