Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) की जांच में भारतीय हॉकी प्लेयर मनदीप सिंह भी कोरोना पॉजीटिव निकल आए हैं। मनदीप ने बीते दिनों साई के नेशनल सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के नेशनल कैंप में 20 अन्य खिलाडिय़ों के साथ कोविड-19 टेस्ट दिया था, इसमें वह पॉजीटिव आए हैं। साई ने एक बयान में कहा है कि डॉक्टरों द्वारा अन्य पांच खिलाडिय़ों के साथ इलाज किया जा रहा है, जिन्होंने सकारात्मक परीक्षण किया है।
मनदीप पॉजीटिव आने वाले छठे खिलाड़ी बन गए हैं। इससे पहले शुक्रवार को हॉकी कप्तान मनप्रीत सिंह, सुरेंद्र कुमार, जसकरन सिंह, वरुण कुमार, और कृष्ण बी पाठक भी पॉजीटिव आए थे।
खिलाडिय़ों की सुरक्षा के लिए मणिपाल अस्पताल के कुछ विशेषज्ञ डॉक्टरों को भी नियुक्त किया है। डॉ. अविनाश एचआर ने कहा- आज खिलाडिय़ों के तापमान, ऑक्सीजन के स्तरों की जांच की गई है। पांच खिलाडिय़ों में हल्के रोगसूचक मामले पाए गए हैं। एक अन्य को छोड़कर अन्य चार खिलाडिय़ों को बुखार नहीं था। वे ठीक हैं। हम बूस्टर और अन्य सहायक दवाएं दे रहे हैं।