Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : इंग्लैंड के पूर्व तेज गेंदबाज और 2019 आईसीसी वनडे विश्व कप विजेता टीम के सदस्य लियाम प्लंकेट ने प्रोफेशनल बेसबॉल में कदम रख दिया है। उन्होंने पायनियर बेसबॉल लीग में ओकलैंड बैलर्स (Oakland Ballers) की ओर से अपना प्रतिस्पर्धी डेब्यू किया। 41 वर्षीय प्लंकेट ने अपने पहले ही मैच में स्ट्राइकआउट हासिल कर शानदार शुरुआत की।

अमेरिका में रहकर शुरू किया नया सफर

क्रिकेट करियर के अंतिम दौर में अमेरिका में बस चुके प्लंकेट को पायनियर बेसबॉल लीग के विशेष 'मार्केटिंग प्लेयर' नियम के तहत ओकलैंड बैलर्स ने टीम में शामिल किया। यह नियम दूसरे खेलों के प्रसिद्ध खिलाड़ियों को अस्थायी तौर पर टीम से जोड़ने की अनुमति देता है।

डेब्यू मैच में दिखाया तेज गेंदबाजी का दम

यूबा-सटर फ्रीबर्ड्स के खिलाफ रैमोंडी पार्क में खेले गए मुकाबले में प्लंकेट पहली बार प्रोफेशनल बेसबॉल मैदान पर उतरे। क्रिकेट की तरह यहां भी उनकी तेज गेंदबाजी असरदार साबित हुई और उन्होंने अपने पहले ही स्पेल में एक बल्लेबाज को स्ट्राइकआउट कर दिया।

'पहले लगा सिर्फ औपचारिक गेंद फेंकनी है'

मैच के बाद प्लंकेट ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, 'शुरुआत में मुझे लगा था कि शायद यह सिर्फ औपचारिक पहली गेंद (Ceremonial Pitch) होगी, लेकिन जब पता चला कि यह असली मुकाबला है तो थोड़ी घबराहट हुई। मैं पहली बार माउंड पर गया था, लेकिन कैचर ने शानदार सहयोग किया और अनुभव काफी शानदार रहा।'

2019 विश्व कप फाइनल के हीरो रहे थे प्लंकेट

लियाम प्लंकेट इंग्लैंड के सबसे सफल सीमित ओवरों के गेंदबाजों में गिने जाते हैं। 2019 आईसीसी वनडे विश्व कप फाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ उन्होंने तीन अहम विकेट लेकर इंग्लैंड की ऐतिहासिक जीत में बड़ी भूमिका निभाई थी। वही मुकाबला उनके अंतरराष्ट्रीय करियर का आखिरी मैच भी साबित हुआ।

क्रिकेट से नाता नहीं टूटा

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद प्लंकेट अमेरिका में बस गए, जहां उन्होंने मेजर लीग क्रिकेट (MLC) में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के लिए भी खेला। अब बेसबॉल में कदम रखकर उन्होंने अपने खेल करियर की नई शुरुआत की है। उनकी पहली ही प्रस्तुति ने दिखा दिया कि प्रतिस्पर्धा और प्रदर्शन का जज्बा अभी भी बरकरार है।