Sports

चेन्नई : चेन्नई सुपर किंग्स के बैटिंग कोच माइकल हसी ने कहा कि पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की पिंडली की चोट से रिकवरी अच्छी चल रही है और वह जल्द ही मैदान पर वापसी करते दिखेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पूरा चेन्नई IPL 2026 में उनके खेलने का इंतजार कर रहा है। 

42 साल के धोनी, सीजन शुरू होने से पहले लगी पिंडली की चोट के कारण तीन हफ्तों से बाहर हैं। उनकी रिकवरी के दौरान विकेटों के बीच दौड़ने की उनकी गति पर काफी काम किया गया है। उम्मीद है कि वह जल्द से जल्द वापसी करेंगे। मुझे नहीं पता कि यह कल होगा या शायद उसके बाद वाले मैच में, लेकिन उनकी रिकवरी बहुत अच्छी चल रही है। मुझे पता है कि वह अपनी दौड़ने की गति बढ़ा रहे हैं और शायद यही सबसे बड़ी रुकावट थी। मुझे लगता है कि कौशल के लिहाज से हमें उनकी बैटिंग और विकेटकीपिंग पर पूरा भरोसा है। 

हसी ने कहा, 'लेकिन बस यह पक्का करना था कि वह दौड़ने की अच्छी क्षमता बनाए रख सकें, खासकर पारी के आखिर में, जब उन्हें एक और दो रन लेने के लिए तेजी से दौड़ना पड़ता है। इसलिए जैसे ही उन्हें अपनी पिंडली पर पूरा भरोसा हो जाएगा, मुझे यकीन है कि वह खेलने के लिए हरी झंडी दे देंगे।' हसी ने जोर देकर कहा कि खेलने का आखिरी फैसला धोनी का ही होगा। उन्होंने कहा, 'जैसे ही उन्हें अपनी पिंडली पर भरोसा हो जाएगा, मुझे यकीन है कि वह इशारा कर देंगे कि वह खेलने के लिए तैयार हैं। अभी हम उन्हीं के निर्देशों पर चल रहे हैं। हम इंतजार कर रहे हैं। मुझे लगता है कि पूरा चेन्नई इंतजार कर रहा है।' 

धोनी को CSK के डगआउट में मैच के दिनों में नहीं देखा गया है। हसी ने बताया कि इस विकेटकीपर-बल्लेबाज ने ध्यान भटकने से बचने के लिए मैच में शामिल न होने का फैसला किया है। कुछ IPL टीमें अपने खिलाड़ियों को होटल में ही रहने देती हैं, क्योंकि नियमों के मुताबिक ड्रेसिंग रूम में सिर्फ 18-20 खिलाड़ी ही मौजूद रह सकते हैं। 

उन्होंने कहा, 'MS धोनी सच में एक टीम-ओरिएंटेड इंसान हैं। वह हमेशा टीम के लिए सबसे अच्छा ही चाहते हैं और उन्हें चिंता थी कि अगर वह आए, तो शायद थोड़ा ज़्यादा ही ध्यान भटक जाएगा। जाहिर है कि कैमरे ज़्यादातर उन्हीं पर फोकस करेंगे। भीड़ उनके लिए चीयर करेगी और ऐसी ही दूसरी चीजें होंगी। वह सच में चाहते थे कि टीम बस अपना काम ठीक से कर पाए, अपना खेल खेल पाए। यह सही है या गलत, इसका फैसला करना मेरा काम नहीं है, लेकिन धोनी के मैचों में न आने के पीछे यही सोच थी। जाहिर है, वह घर बैठे ही बहुत बारीकी से सब कुछ देख रहे हैं।' 

हसी ने कहा, 'मुझे पर्सनली ड्रेसिंग रूम में उनका साथ बहुत पसंद है। वह बाकी खिलाड़ियों को बहुत ज्यादा समझदारी और आत्मविश्वास देते हैं। इसलिए वह जाहिर तौर पर हर समय ट्रेनिंग में मौजूद रहते हैं और ट्रेनिंग के दौरान हमेशा एक जिंदादिल इंसान की तरह रहते हैं और वहां खिलाड़ियों के साथ अपना बहुत सारा अनुभव शेयर करते हैं। लेकिन बात बस इतनी थी कि वह खुद को बाकी टीम के लिए ध्यान भटकाने वाला नहीं बनाना चाहते थे और इसीलिए उन्होंने मैच के दिन खुद को दूर रखने का फैसला किया।'