National

नेशनल डेस्कः आईपीएल 2026 के 19वें सीजन का इंतजार कर रहे क्रिकेट फैंस के लिए बड़ी खबर सामने आई है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) जल्द ही टूर्नामेंट के शेड्यूल का ऐलान करने वाला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक लीग का आगाज 28 मार्च से होगा, जबकि पहले चरण के मुकाबलों का कार्यक्रम 12 मार्च को जारी किया जाएगा। वहीं इस सीजन के उद्घाटन मैच में मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पिछले साल की रनर-अप पंजाब किंग्स के आमने-सामने आने की संभावना जताई जा रही है।

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार इस बार आईपीएल का कार्यक्रम दो चरणों में जारी किया जाएगा। न्यूज एजेंसी आईएएनएस की जानकारी के मुताबिक, पहले चरण में टूर्नामेंट के शुरुआती मुकाबलों का शेड्यूल 12 मार्च को जारी किया जाएगा।

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने भी इस बात की पुष्टि की है। उन्होंने आईएएनएस से बातचीत में बताया कि 12 मार्च को आईपीएल 2026 के पहले 20 मुकाबलों का कार्यक्रम सार्वजनिक किया जाएगा। बाकी मैचों का शेड्यूल बाद में जारी किया जा सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार आईपीएल 2026 का उद्घाटन मुकाबला पिछले सीजन की चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और उपविजेता पंजाब किंग्स के बीच खेले जाने की संभावना है। यह मैच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा, जहां सभी तैयारियां पूरी की जा रही हैं।