Sports
हैदराबाद, सात मई (भाषा) किदांबी श्रीकांत और अश्मिता चालिहा रविवार को यहां भारतीय बैडमिंटन संघ (बीएआई) के चयन ट्रायल में क्रमश: पुरुष और महिला एकल में शीर्ष पर रहे जिससे एशियाई खेलों की व्यक्तिगत स्पर्धा के लिए उन्होंने भारतीय टीम में जगह सुनिश्चित की।

विश्व चैंपियनशिप 2021 के रजत पदक विजेता श्रीकांत और अश्मिता ने चार दिवसीय ट्रायल के दौरान अपने सभी छह मुकाबले जीते।


ग्रुप ए में तीन जीत के साथ शीर्ष पर रहने के बाद श्रीकांत ने रविवार को ट्रायल के चरण दो में सिद्धांत गुप्ता को 21-13 21-16 से हराने के बाद लक्ष्य सेन को 21-15 21-14 से शिकस्त दी।


दुनिया के पूर्व नंबर एक खिलाड़ी श्रीकांत ने शनिवार को राष्ट्रीय चैंपियन मिथुन मंजूनाथ को 22-24 21-13 21-14 से हराया था।

श्रीकांत चरण दो में शीर्ष पर रहे जबकि लक्ष्य ने पांच मुकाबले जीतकर एक से चार की रैंकिंग में दूसरा स्थान हासिल किया।


मंजूनाथ एक से चार की रैंकिंग में तीसरे स्थान पर रहे।


महिला एकल में चरण दो में अश्मिता और अनुपमा उपाध्याय ने पहले दो स्थान पर कब्जा जमाया जबकि मालविका बंसोड़ तीसरे स्थान पर रहीं। उन्नति हुड्डा अपने तीनों मुकाबले गंवाकर चौथे पायदान पर रहीं।


प्रारूप के अनुसार नौ पुरुष एकल खिलाड़ियों और आठ महिला एकल खिलाड़ियों ने तीन-तीन स्थानों के लिए ट्रायल में प्रवेश किया था। पुरुष और मिश्रित युगल में चार-चार जबकि महिला युगल में तीन प्रविष्टियां थी।

एकल खिलाड़ियों को चरण एक में दो समूहों में विभाजित किया गया था। प्रत्येक समूह से शीर्ष दो खिलाड़ियों ने चरण दो में जगह बनाई।

इसके बाद चार खिलाड़ियों का लीग प्रारूप में सामना हुआ और चरण दो के परिणाम को अंतिम परिणाम माना गया।

चयनकर्ताओं ने अंतिम तालिका तय करने के लिए राउंड-रोबिन टूर्नामेंट प्रारूप के माध्यम से पुरुष और महिला युगल के लिए एक-एक जोड़ी और दो मिश्रित युगल जोड़ी चुनने का भी प्रस्ताव दिया था।


ट्रायल के बाद मिश्रित युगल में साई प्रतीक के और तनीषा क्रास्टो शीर्ष पर रहे जबकि रोहन कपूर और एन सिक्की रेड्डी ने दूसरा स्थान हासिल किया।

महिला युगल में तनीषा और अश्विनी पोनप्पा अपने दोनों मैच जीतकर शीर्ष पर रहे।


ध्रुव कपिला और एमआर अर्जुन की दुनिया की 23वें नंबर की जोड़ी पुरुष युगल में शीर्ष पर रही। दो अन्य जोड़ियों सूरज गोला और पृथ्वी रॉय तथा कृष्ण प्रसाद और विष्णुवर्धन गौड़ ने भी ध्रुव और अर्जुन के समान तीन मैच में दो जीत दर्ज की थी जिससे तीन तरफा टाई रहा। ध्रुव और अर्जुन की जोड़ी गेम जीत-हार के बेहतर रिकॉर्ड के कारण शीर्ष पर रही।

एचएस प्रणय, पूर्व विश्व चैंपियन पीवी सिंधू, मौजूदा एशियाई चैंपियन चिराग शेट्टी और सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी तथा गायत्री गोपीचंद और त्रीशा जॉली की महिला युगल जोड़ी को उनकी विश्व रैंकिंग के आधार पर सीधे एशियाई खेलों के लिए चुना गया है।


चीन के हांगझोउ में एशियाई खेल 23 सितंबर से आठ अक्टूबर तक खेले जाने हैं।


भारत ने 2018 टूर्नामेंट में पुरुष और महिला दोनों टीम स्पर्धाओं के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई थी।

भारतीय टीम इस प्रकार है:
पुरुष एकल: एचएस प्रणय, किदांबी श्रीकांत (व्यक्तिगत/टीम), लक्ष्य सेन, मिथुन मंजूनाथ (टीम)
पुरुष युगल: सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी, ध्रुव कपिला और एमआर अर्जुन (व्यक्तिगत/टीम)
महिला एकल: पीवी सिंधू, अश्मिता चालिहा (व्यक्तिगत/टीम), अनुपमा उपाध्याय, मालविका बंसोड़ (टीम)
महिला युगल: गायत्री गोपीचंद और त्रीशा जॉली, अश्विनी पोनप्पा और तनीषा क्रास्टो (व्यक्तिगत/टीम)
मिश्रित युगल: रोहन कपूर और एन सिक्की रेड्डी, साई प्रतीक के और तनीषा क्रास्टो।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।