Sports

खेल डैस्क : नेपाल के दीपेंद्र सिंह ऐरी ने इतिहास रचते हुए दूसरी बार टी20 इंटरनेशनल में 6 गेंदों पर 6 छक्के लगाने का कारनामा कर दिखाया है। ऐसा करने वाले वह दुनिया के पहले बल्लेबाज बन गए हैं। ऐरी ने एशियाई खेल 2023 में मंगोलिया के खिलाफ केवल 9 गेंदों पर अर्धशतक बनाया था। इस दौरान भी उनके बल्ले से 6 लगातार छक्के निकले थे। इसी मैच में ऐरी ने युवराज सिंह के टी20ई क्रिकेट में सबसे तेज अर्धशतक का रिकॉर्ड तोड़ दिया था। युवराज ने टी20 विश्व कप 2007 में इंग्लैंड के खिलाफ सिर्फ 12 गेंदों में अर्धशतक बनाया था। ऐरी ने केवल 9 गेंदों पर यह कारनामा कर दिखाया था।

 


मौजूदा एसीसी प्रीमियर कप 2024 में कतर के कामरान खान के खिलाफ भी ऐरी ने छह गेंदों में छह छक्के लगाए। ऐरी ने 6 छक्के लगाकर 21 गेंदों में 64 रन बनाए, जिससे नेपाल की पारी 20 ओवर में 210/7 पर समाप्त हुई। ऐरी टी20I क्रिकेट में एक ओवर में छह छक्के लगाने के मामले में युवराज सिंह और कीरोन पोलार्ड की बराबरी पर आ गए हैं। वनडे क्रिकेट में यह उपलब्धि हर्शल गिब्स और यूएसए के जसकरन मल्होत्रा ​​के नाम दर्ज है। बता दें कि ट्वंटी20 में ओवरऑल कीरोन पोलार्ड, युवराज सिंह, डेविड मिलर, मोइन अली, रयान बर्ल, मोहम्मद नबी, राकेप पटेल, जस्टिन ओनटोंग और दिमित्री मास्कारेनहास छह गेंदों में छह छक्के लगा चुके हैं। 

 

 

 

बहरहाल, मंगोलिया के खिलाफ दीपेंद्र सिंह ऐरी ने 9 गेंदों पर अर्धशतक लगाया था। ऐरी की पारी ने नेपाल को 314-3 रन तक पहुंचाया था। टी20ई क्रिकेट में 300+ स्कोर पहली बार बना था। जवाब में खेलने आई  मंगोलिया की टीम  41 रन पर ऑल आउट हो गई थी। इस तरह नेपाल को टी20ई क्रिकेट इतिहास में रनों के लिहाज से सबसे बड़ी जीत मिली थी। इसी मैच में नेपाल के कुसल मल्ला ने केवल 34 गेंदों में शतक जड़ा था जोकि टी20ई क्रिकेट में सबसे तेज शतक है।