Sports
चंडीगढ़, 15 मई (भाषा) भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) ने पंजाब की पारंपरिक मार्शल आर्ट गटका को इस साल अक्टूबर में गोवा में होने वाले राष्ट्रीय खेलों में प्रदर्शनी खेल के रूप में शामिल किया है।


प्रदर्शनी खेलों में जीते गए पदकों को पदक तालिका में शामिल नहीं किया जाता है लेकिन गटका के इस साल राष्ट्रीय खेलों का हिस्सा बनने का मतलब है अगले खेलों में उसे प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में शामिल किया जा सकता है।


भारतीय राष्ट्रीय गटका संघ के अध्यक्ष हरजीत सिंह ग्रेवाल ने कहा,‘‘ हम इस खेल को आईओए से मान्यता मिलने के लिए लंबे समय से इंतजार कर रहे थे।’’

इससे पहले खेल मंत्रालय ने हरियाणा में 2021 में खेले गए खेलो इंडिया युवा खेलों में गटका और कलारीपयट्टू सहित चार स्वदेशी खेलों को शामिल करने को मंजूरी दी थी।


गटका मार्शल आर्ट की एक शैली है जिसमें तीन से लेकर 3.5 फुट लंबी लकड़ी की छड़ियों तथा विरोधी खिलाड़ी से बचने के लिए चमड़े से बनी ढाल का उपयोग किया जाता है।


यह आर्टिकल पंजाब केसरी टीम द्वारा संपादित नहीं है, इसे एजेंसी फीड से ऑटो-अपलोड किया गया है।