स्पोर्ट्स डेस्क: Bhuvneshwar Kumar ने IPL में 200 विकेट पूरे कर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। वह IPL इतिहास में 200 विकेट लेने वाले पहले तेज गेंदबाज बन गए हैं। उन्होंने यह उपलब्धि चेन्नई के खिलाफ मैच में हासिल की, जहां उन्होंने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए और टीम को जीत दिलाई।
सालों की मेहनत का मिला इनाम
इस उपलब्धि पर भुवनेश्वर ने कहा, 'सालों से जो मेहनत कर रहा था, उसका इनाम मिलना अच्छा लगता है। IPL मेरे करियर का बड़ा हिस्सा रहा है और 200 विकेट लेना मेरे लिए बहुत खास है। खास बात यह है कि मेरा IPL करियर RCB से ही शुरू हुआ था, इसलिए यहां यह उपलब्धि हासिल करना मेरे लिए फुल सर्कल मोमेंट जैसा है।'
IPL के टॉप विकेट टेकर में शामिल
भुवनेश्वर कुमार अब IPL में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों की सूची में दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। उनसे आगे सिर्फ Yuzvendra Chahal हैं। भुवनेश्वर ने 192 पारियों में 202 विकेट लिए हैं और उनका इकॉनमी रेट भी काफी शानदार रहा है।
लगातार दो बार पर्पल कैप जीतने वाले इकलौते गेंदबाज
भुवनेश्वर IPL इतिहास के इकलौते गेंदबाज हैं जिन्होंने लगातार दो सीजन (2016 और 2017) में पर्पल कैप जीती। यह उनकी निरंतरता को दिखाता है, क्योंकि T20 क्रिकेट को आमतौर पर बल्लेबाजों का खेल माना जाता है, लेकिन भुवनेश्वर ने अपनी गेंदबाजी से हमेशा बल्लेबाजों को चुनौती दी है।
CSK के खिलाफ मैच पर क्या बोले भुवनेश्वर
Royal Challengers Bengaluru और Chennai Super Kings के बीच खेले गए मैच पर भुवनेश्वर ने कहा, 'पिच थोड़ी मुश्किल थी। बल्लेबाजी के समय अच्छी लग रही थी, लेकिन गेंदबाजी में कुछ गेंद रुककर आ रही थी। हमने अपने प्लान पर टिके रहकर गेंदबाजी की और वही हमारे काम आया।'
गेंदबाजी यूनिट की प्लानिंग से मिली जीत
भुवनेश्वर ने आगे कहा, 'एक गेंदबाजी यूनिट के तौर पर सबसे अच्छी बात यह है कि हम मीटिंग में जो प्लान बनाते हैं, उसे मैदान पर लागू कर रहे हैं। इस मैदान पर स्कोर डिफेंड करना आसान नहीं होता, लेकिन हमारी तैयारी और execution काफी अच्छा रहा।'