Sports

मुंबई : गुजरात जायंट्स ने पंजाब की तेज गेंदबाज काशवी गौतम (Kashvi Gautam) को शनिवार को यहां महिला प्रीमियर लीग (WPL) की नीलामी में 2 करोड़ रुपए में अपनी टीम में शामिल किया। काशवी का ‘बेस प्राइस' (आधार मूल्य) 10 लाख रुपए का था। गुजरात जायंट्स और यूपी वारियर्स दोनों ने उनके लिए बोली लगाई। लेकिन गुजरात की टीम डब्ल्यूपीएल के दूसरे चरण के लिए उनकी सेवाएं लेने के लिए बोली जीतने में सफल रही। एक और ‘अनकैप्ड' (जिसने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेला हो) भारतीय क्रिकेटर कर्नाटक की 22 वर्षीय वृंदा दिनेश के लिए बड़ी बोली लगी जिन्हें यूपी वारियर्स ने 1.3 करोड़ रुपए में खरीदा।


वृंदा और काशवी दोनों ही हाल में भारत ए के लिए इंग्लैंड ए के खिलाफ 3 मैचों की श्रृंखला में खेली थीं। नीलामी के शुरुआती चरण में आस्ट्रेलियाई क्रिकेटरों के लिए ऊंची बोलियां लगी जिसमें आल राउंडर अनाबेल सदरलैंड को दिल्ली कैपिटल्स ने 2 करोड़ रुपए में खरीदा। इसके बाद गुजरात की टीम ने बल्लेबाज फोएबे लिचफील्ड को एक करोड़ रुपये में टीम में शामिल किया।


गुजरात जायंट्स ने इस साल मार्च में खेले गए शुरुआती चरण के बाद 22 साल की सरदलैंड को रिलीज कर दिया था। उनके लिए गत चैम्पियन मुंबई इंडियंस ने भी बोली लगाई लेकिन फिर वह पीछे हट गए और अंत में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें खरीद लिया। दक्षिण अफ्रीका की तेज गेंदबाज शबनीम इस्माइल को मुंबई इंडियंस ने 1.20 करोड़ रुपए में टीम में शामिल किया जो उनके ‘बेस प्राइस' से तीन गुना था।


रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर ने नीलामी के शुरु में आस्ट्रेलिया की जॉर्जिया वारेहैम को 40 लाख रूपए में खरीदा। उन्होंने इंग्लैंड की केट क्रास को 30 लाख रुपये और 37 साल की भारतीय स्पिनर एकता बिष्ट को ‘बेस प्राइस' से दुगनी कीमत पर 60 लाख रुपये में टीम में शामिल किया।