Sports

मुंबई: मुंबई इंडियंस की टीम आज 12वीं इंडियन प्रीमियर लीग में अपने पहले मैच में दिल्ली कैपिटल्स से भिड़ेगी तो इसमें सबसे ज्यादा ध्यान जसप्रीत बुमराह और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या के कार्यभार प्रबंधन पर लगा होगा। पंड्या को पिछले छह महीनों में दो बार चोटों का सामना करना पड़ा था जिसके कारण वह सितंबर में एशिया कप में और आस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू श्रृंखला में नहीं खेल पाए थे। आइए एक नजर डालते है इन दोनो टीमों पर।

मुंबई इंडियंस की ताकत
PunjabKesari
मुंबई इंडियंस के पास कप्तान रोहित के अलावा हार्दिक पांड्या, क्विंटन डीकॉक, कीरोन पोलार्ड, इशान किशन और युवराज सिंह जैसे बल्लेबाज हैं। मुंबई को मध्य क्रम में हार्दिक और युवराज से अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। नीलामी के पहले राउंड में युवराज अनसोल्ड रहे थे और फिर मुंबई ने उन्हें एक करोड़ रुपए में खरीदा था। गेंदबाजों की बात करें तो मुंबई में जसप्रीत बुमराह, मयंक मारकंडे और जेसन बेहरेनडॉर्फ शामिल हैं। लेग स्पिनर मारकंडे ने पिछले सीजन में 14 मैचों में 15 विकेट चटकाए थे।

दिल्ली कैपिटल्स की ताकत
PunjabKesari
दिल्ली कैपिटल्स के पास भी श्रेयस अय्यर, ऋषभ पंत, पृथ्वी शॉ और शिखर धवन जैसे खिलाड़ी मौजूद हैं। लीग के इतिहास में अब तक एक बार भी फाइनल तक नहीं पहुंच पाई दिल्ली की कमान युवा खिलाड़ी अय्यर के हाथों में है। इसके अलावा स्थानीय खिलाड़ी पृथ्वी अपने घरेलू मैदान से अच्छी तरह अवगत हैं, इसलिए टीम को उनसे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी। दिल्ली को अपने हरफनमौला खिलाड़ी क्रिस मोरिस से भी काफी उम्मीदें होंगी। मध्य ओवरों में विकेट लेने की क्षमता मोरिस को मूल्यवान खिलाड़ी बनाती है। नए नाम के साथ उतरने जा रही दिल्ली की गेंदबाजी में ट्रेंट बाउल्ट, ईशांत शर्मा, और कगिसो रबाडा शामिल हैं, जो तेज आक्रमण को मजबूती देंगे। जबकि अनुभवी अमित मिश्रा स्पिन विभाग संभालेंगे। मैच भारतीय समयानुसार रात आठ बजे शुरू होगा। 
 

दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के आंकड़ों पर एक नजर:

  1. मुंबई इंडियंस आईपीएल का खिताब तीन बार अपने नाम कर चुकी है। मुंबई ने रोहित शर्मा की कप्तानी में 2013, 2015 और 2017 में ट्रॉफी अपने नाम की थी। 
  2. वहीं, दिल्ली कैपिटल्स (पुराना नाम- दिल्ली डेयरडेविल्स) एक बार भी खिताब नहीं जीत पाई। आईपीएल के पिछले सीजन में दिल्ली का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा था।
  3. दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल में अबतक 22 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें से दोनों टीमों ने 11-11 बार मैच जीते हैं।
  4. आईपीएल के पिछले सीजन में खेले गए आखिर दो मैचों में दिल्ली कैपिटल्स ने जीत हासिल की थी। अब दिल्ली के पास जीत की हैट्रिक लगाने का मौका है।
  5. वहीं, मुंबई इंडियंस ने पिछले पांच मैचों में से तीन में दिल्ली के खिलाफ जीत हासिल की थी। 
     

ये हैं दोनों टीमें:

मुंबई टीम: रोहित शर्मा (कप्तान), क्विंटन डी कॉक, इविन लुईस, अनमोलप्रीत सिंह, सूर्यकुमार यादव, सिद्देश लाड, ईशान किशन, आदित्य तारे, हार्दिक पांड्या, केरॉन पोलार्ड, क्रुणाल पंड्या, बेन कटिंग, युवराज सिंह, पंकज जायसवाल, मयंक मार्कंडेय, राहुल चाहर, अनुकूल रॉय, जयंत यादव, जसप्रीत बुमराह, एडम मिलने, मिचेल मैक्लेंघन, जेसन बेहरेनडोर्फ, रासिख सलाम, लसिथ मलिंगा और बरिंदर सरन।

दिल्ली कैपिटल्स: श्रेयस अय्यर (कप्तान), कोलिन मुनरो, शिखर धवन, पृथ्वी शॉ, मनजोत कालरा, हनुमा विहारी, कोलिन इंग्राम, रिषभ पंत, अंकुश बैंस, क्रिस मौरिस, जलज सक्सेना, अक्षर पटेल, बंदारू अयप्पा, सेरफाने रथरफोर्ड, अमित मिश्रा, राहुल तेवतिया, संदीप लामिचाने, हर्ष पटेल, कागिसो रबाडा, आवेश खान, ट्रेंट बोल्ट, ईशांत शर्मा, कीमो पॉल और नाथू सिंह।