Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट में इन दिनों 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी की चर्चा हर तरफ है। IPL 2026 में रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन के बाद युवा बल्लेबाज को आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के लिए भारतीय टीम में जगह मिली है। इस बीच पूर्व भारतीय कप्तान सुनील गावस्कर ने वैभव के चयन पर अपनी राय रखते हुए कहा है कि उन्हें आयरलैंड सीरीज में डेब्यू का मौका मिलना चाहिए।

आयरलैंड सीरीज में वैभव को खिलाने के पक्ष में गावस्कर

वैभव सूर्यवंशी भारत के लिए सीनियर टीम में चुने जाने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए हैं। ऐसे में सुनील गावस्कर का मानना है कि आयरलैंड जैसी सीरीज युवा खिलाड़ी को परखने का बेहतरीन मौका है। उन्होंने कहा कि वह वैभव को शुरुआती एकादश में देखना चाहते हैं, भले ही इसके लिए किसी स्थापित ओपनर को बाहर बैठाना पड़े। गावस्कर ने कहा, 'मैं निश्चित तौर पर आयरलैंड टी20 सीरीज में वैभव को खेलते देखना चाहूंगा। उन्हें मौका मिलना चाहिए। एक मैच में अभिषेक शर्मा को आराम दिया जा सकता है और दूसरे मैच में संजू सैमसन को बाहर बैठाया जा सकता है।'

प्रदर्शन का इनाम मिलना जरूरी

पूर्व भारतीय दिग्गज का मानना है कि वैभव को टीम में शामिल करना पूरी तरह से उनके प्रदर्शन का नतीजा है। उन्होंने कहा कि IPL में जिस तरह का खेल युवा बल्लेबाज ने दिखाया, उसके बाद चयनकर्ताओं के पास उन्हें नजरअंदाज करने का कोई कारण नहीं था।गावस्कर ने कहा, 'यह चयन अपेक्षित था। जिस फॉर्म में वह थे और जिस तरह उन्होंने रन बनाए, उसके बाद उन्हें टीम से बाहर रखना संभव नहीं था। अच्छे प्रदर्शन को इनाम मिलना चाहिए और चयनकर्ताओं ने वही किया है।'

ड्रेसिंग रूम का अनुभव भी होगा अहम

हालांकि गावस्कर ने माना कि अंतिम एकादश में जगह मिलना आसान नहीं होगा, लेकिन भारतीय ड्रेसिंग रूम का हिस्सा बनना भी वैभव के लिए बड़ा सीखने का अवसर साबित होगा। उन्होंने कहा, 'वह मैच खेलते हैं या नहीं, यह देखना होगा। लेकिन भारतीय ड्रेसिंग रूम में रहना भी उनके लिए शानदार अनुभव होगा, जो उनके करियर में आगे काफी मदद करेगा।'

IPL 2026 में वैभव ने रचा इतिहास

राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में धमाकेदार प्रदर्शन किया। 16 पारियों में उन्होंने 776 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 48.50 और स्ट्राइक रेट 237.30 रहा। उन्होंने एक शतक और पांच अर्धशतक भी लगाए। इतना ही नहीं, वैभव ने IPL इतिहास में एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। उन्होंने 72 छक्के जड़कर क्रिस गेल के 59 छक्कों के पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया। किसी भारतीय बल्लेबाज द्वारा IPL के एक सीजन में यह सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड भी है।

NO Such Result Found