Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम के अनुभवी ऑलराउंडर और पूर्व कप्तान जेसन होल्डर ने चुपचाप वनडे क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। इस बात की पुष्टि वेस्टइंडीज के मुख्य कोच डैरेन सैमी ने की। हालांकि, सैमी ने साफ किया कि होल्डर अभी भी टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहते हैं और टीम की भविष्य की योजनाओं का हिस्सा बने रहेंगे। होल्डर ने वेस्टइंडीज के लिए अपना आखिरी वनडे मैच जुलाई 2023 में जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे में खेला था। इसके बाद वह इस फॉर्मेट में टीम का हिस्सा नहीं बने।

डैरेन सैमी ने रिटायरमेंट पर क्या कहा?

Wisden से बातचीत में डैरेन सैमी ने बताया कि जेसन होल्डर ने खुद उन्हें वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि होल्डर अब टेस्ट क्रिकेट पर अपना पूरा ध्यान देना चाहते हैं। हालांकि, फ्रेंचाइजी क्रिकेट खेलने की वजह से उनकी उपलब्धता को लेकर टीम प्रबंधन लगातार चर्चा करता रहेगा। सैमी ने कहा, 'हां, जेसन अभी भी टेस्ट टीम की योजनाओं का हिस्सा हैं। मुझे पता है कि उन्होंने ODI क्रिकेट से संन्यास ले लिया है। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट खेलने की इच्छा जाहिर की है, लेकिन वह फ्रेंचाइजी क्रिकेट भी खेलते हैं, इसलिए उनकी उपलब्धता और टीम में भूमिका को लेकर बातचीत जारी रहेगी।'

2027 वनडे विश्व कप पर वेस्टइंडीज की नजर

होल्डर के वनडे संन्यास के बाद अब वेस्टइंडीज की नजर 2027 ODI विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने पर होगी। कैरेबियाई टीम 2023 विश्व कप के लिए क्वालिफाई करने में नाकाम रही थी, जो भारत में खेला गया था। 2027 विश्व कप में कुल 14 टीमें हिस्सा लेंगी। मेजबान दक्षिण अफ्रीका और जिम्बाब्वे पहले ही क्वालिफाई कर चुके हैं। इसके अलावा मार्च 2027 तक ICC ODI रैंकिंग की शीर्ष आठ टीमें सीधे प्रवेश पाएंगी, जबकि बाकी चार स्थान क्वालिफायर टूर्नामेंट से तय होंगे।

ऐसा रहा जेसन होल्डर का वनडे करियर

जेसन होल्डर ने वेस्टइंडीज के लिए 138 वनडे मैच खेले, जिनकी 114 पारियों में 2,237 रन बनाए। उनका बल्लेबाजी औसत 24.85 और स्ट्राइक रेट 90.23 रहा। वनडे में उनका सर्वोच्च स्कोर 99 रन रहा और उन्होंने 12 अर्धशतक लगाए। गेंदबाजी में भी होल्डर का योगदान शानदार रहा। उन्होंने 134 पारियों में 159 विकेट अपने नाम किए। इस दौरान उनका गेंदबाजी औसत 36.97 और इकॉनमी रेट 5.51 रहा। लंबे समय तक उन्होंने वेस्टइंडीज की कप्तानी भी संभाली और टीम के सबसे भरोसेमंद ऑलराउंडरों में गिने गए।

NO Such Result Found