Sports

सेंट लुईस, अमेरिका( निकलेश जैन )  ग्रैंड चेस टूर 2026 के प्रतिष्ठित सिंकफील्ड कप में अमेरिका के ग्रैंडमास्टर वेस्ली सो ने तीसरे दौर में हमवतन फैबियानो कारुआना को हराकर एकल बढ़त हासिल कर ली है। वहीं भारतीय ग्रैंडमास्टर दिव्या देशमुख ने केर्न्स कप में पूर्व विश्व चैंपियन एलेक्जेंड्रा कोस्टेनियुक को हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की।

सिंकफील्ड कप में सो ने काले मोहरों से खेलते हुए कारुआना को मात दी। इसके अलावा विंसेंट कीमर ने प्रज्ञानन्दा को हराकर वापसी की, जबकि सैम सेवियन ने अनीश गिरी को 110 चालों तक चले मुकाबले में पराजित किया। मैक्सिम वाचियर-लाग्रेव और लेवोन अरोनियन ने क्रमशः जावोखिर सिंदारोव और योर्डन वान फॉरेस्ट के खिलाफ ड्रॉ खेला।

तीन दौर के बाद वेस्ली सो 2.5 अंक के साथ एकल शीर्ष पर हैं। कीमर 2 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर हैं, जबकि वाचियर-लाग्रेव और अरोनियन 2-2 अंकों के साथ सो से आधा अंक पीछे हैं।

दिव्या देशमुख की शानदार जीत

महिला वर्ग के केर्न्स कप में भारत की दिव्या देशमुख ने पूर्व महिला विश्व चैंपियन एलेक्जेंड्रा कोस्टेनियुक को हराकर अपनी दूसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ दिव्या 2 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर पहुंच गई हैं।

दिव्या और कोस्टेनियुक के बीच मुकाबले में भारतीय खिलाड़ी ने शुरुआत से ही बेहतर स्थिति हासिल कर ली थी। नौवीं चाल तक काले मोहरों से खेल रही कोस्टेनियुक मुश्किल स्थिति में पहुंच गईं और दिव्या ने इसका पूरा फायदा उठाते हुए मुकाबला अपने नाम कर लिया। कोस्टेनियुक के लिए यह टूर्नामेंट की लगातार तीसरी हार रही और वह अब तक खाता नहीं खोल पाई हैं।

शीर्ष पर तान झोंगयी और एलिस ली बनी हुई हैं। दोनों के 2.5-2.5 अंक हैं। तान ने अन्ना मुजीचुक के साथ, जबकि एलिस ली ने बिबिसारा असौबायेवा के साथ ड्रॉ खेला।

अन्य मुकाबलों में कोनेरू हम्पी ने कैरिसा यिप के साथ ड्रॉ खेला, जबकि वैशाली रमेशबाबू और स्टावरोउला त्सोलाकिदू के बीच भी बाजी बराबरी पर समाप्त हुई।

NO Such Result Found