Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली एक बार फिर इंग्लैंड की धरती पर वनडे क्रिकेट खेलने उतरने जा रहे हैं। लेकिन यह दौरा सिर्फ एक सीरीज नहीं, बल्कि उनके लिए अतीत की यादों और भविष्य के सपनों का संगम भी है। चार साल पहले इसी इंग्लैंड दौरे ने विराट के करियर के सबसे कठिन दौर को जन्म दिया था, जबकि अब वह 2027 वनडे विश्व कप के लक्ष्य के साथ उसी मैदान पर लौट रहे हैं।

2022 का इंग्लैंड दौरा बना था करियर का टर्निंग पॉइंट

साल 2022 में विराट कोहली इंग्लैंड दौरे पर ऐसे समय पहुंचे थे, जब वह लगभग तीन साल से अंतरराष्ट्रीय शतक का इंतजार कर रहे थे। लगातार खराब प्रदर्शन और बढ़ती आलोचनाओं के बीच इंग्लैंड दौरा उनके लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। टी20 सीरीज में उन्होंने 1 और 11 रन बनाए, जबकि वनडे में उनके बल्ले से 16 और 17 रन ही निकले। लगातार सात व्हाइट-बॉल पारियों में वह 20 रन का आंकड़ा भी नहीं छू सके। इन निराशाजनक प्रदर्शनों के बाद विराट ने क्रिकेट से करीब एक महीने का ब्रेक लिया, ताकि वह खुद को मानसिक रूप से फिर से तैयार कर सकें।

एशिया कप 2022 से बदली विराट की किस्मत

ब्रेक के बाद एशिया कप 2022 में विराट कोहली पूरी तरह बदले हुए अंदाज में लौटे। उन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ शतक लगाकर लगभग 1000 दिनों से चला आ रहा शतकों का सूखा खत्म किया और अपने करियर का 71वां अंतरराष्ट्रीय शतक जड़ा। यहीं से विराट के बल्ले ने फिर रनों की बरसात शुरू कर दी।

व्हाइट-बॉल क्रिकेट में फिर बने 'किंग'

एशिया कप 2022 के बाद विराट कोहली ने सीमित ओवरों के क्रिकेट में एक बार फिर अपना दबदबा कायम कर दिया। इस दौरान उन्होंने वनडे और टी20 मिलाकर 135 मैचों की 132 पारियों में 6,045 रन बनाए। उनके नाम 13 शतक और 43 अर्धशतक दर्ज हैं और उनका औसत 57.02 रहा।

पिछले चार साल में विराट की बड़ी उपलब्धियां

विराट कोहली ने इस दौरान कई ऐतिहासिक उपलब्धियां अपने नाम कीं।

टी20 विश्व कप 2022 में सबसे ज्यादा 296 रन बनाए।
लगातार चार IPL सीजन में 600+ रन बनाने वाले पहले बल्लेबाज बने।
वनडे विश्व कप 2023 में रिकॉर्ड 765 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बने।
सेमीफाइनल में सचिन तेंदुलकर के 49 वनडे शतकों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ा।
टी20 विश्व कप 2024 के फाइनल में 76 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द मैच बने।
चैंपियंस ट्रॉफी जीत में अहम भूमिका निभाई और पाकिस्तान के खिलाफ शतक जड़ा।
RCB को लगातार दो IPL खिताब जिताने में अहम योगदान दिया।

2027 विश्व कप पर विराट की नजर

37 वर्षीय विराट कोहली अब पूरी तरह 2027 वनडे विश्व कप पर फोकस कर रहे हैं। पिछले साल से उन्होंने वनडे क्रिकेट में शानदार फॉर्म दिखाई है। उन्होंने पिछले साल से अब तक 16 वनडे मैचों में 891 रन बनाए हैं, जिसमें चार शतक और पांच अर्धशतक शामिल हैं। ऑस्ट्रेलिया दौरे के बाद उनकी पिछली नौ वनडे पारियों में उन्होंने 616 रन बनाए हैं, जिसमें तीन शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं।

NO Such Result Found