Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी अपनी तूफानी बल्लेबाजी के चलते सुर्खियों में छाए हुए हैं। गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ शानदार पारी खेलकर टीम को जीत दिलाई। महज 15 साल के इस बल्लेबाज ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सभी का दिल जीत लिया।

26 गेंदों में मचाया कोहराम

वैभव सूर्यवंशी ने आरसीबी के गेंदबाजों की जमकर धुनाई करते हुए सिर्फ 26 गेंदों में 78 रन बनाए। उनकी पारी में 8 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। वह नौवें ओवर में आउट हुए, लेकिन तब तक टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा चुके थे। अगर वह कुछ देर और क्रीज पर टिकते, तो उनका शतक लगभग तय माना जा रहा था।

विराट कोहली ने दिया खास तोहफा

मैच खत्म होने के बाद आरसीबी के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने अपनी दरियादिली दिखाई। उन्होंने वैभव सूर्यवंशी को ऑटोग्राफ देकर सम्मानित किया। विराट ने कैप पर लिखा, 'प्रिय वैभव, तुमने शानदार खेल दिखाया। – विराट कोहली' इस खास पल का वीडियो राजस्थान रॉयल्स ने सोशल मीडिया पर शेयर किया, जो तेजी से वायरल हो गया।

प्लेयर ऑफ द मैच बने वैभव

अपनी शानदार पारी के लिए वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। इस प्रदर्शन के बाद उन्होंने ऑरेंज कैप भी हासिल कर ली, जो इस सीजन में उनके बेहतरीन फॉर्म को दर्शाता है।

ऐसा रहा मैच का हाल

इस मुकाबले में आरसीबी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 202 रन बनाए। कप्तान रजत पाटीदार ने 40 गेंदों में 63 रन की पारी खेली, जबकि वेंकटेश अय्यर ने 15 गेंदों में नाबाद 29 रन जोड़े। लक्ष्य का पीछा करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने शानदार शुरुआत की। वैभव सूर्यवंशी ने तेज शुरुआत दिलाई, जबकि ध्रुव जुरेल ने 43 गेंदों में नाबाद 81 रन बनाकर टीम को 18 ओवर में जीत दिला दी।

सोशल मीडिया पर वायरल VIDEO

राजस्थान रॉयल्स द्वारा शेयर किए गए वीडियो में वैभव सूर्यवंशी ऑरेंज कैप पहने नजर आ रहे हैं, जबकि विराट कोहली का ऑटोग्राफ उनकी कैप पर साफ दिखाई देता है। फैंस इस वीडियो को खूब पसंद कर रहे हैं और विराट के इस जेस्चर की जमकर तारीफ कर रहे हैं। जहां एक तरफ वैभव सूर्यवंशी ने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया, वहीं विराट कोहली ने खेल भावना दिखाते हुए दिल जीत लिया। यह पल इस मुकाबले की सबसे खास यादों में शामिल हो गया है।
 

NO Such Result Found