Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : ब्रेंडन मैकुलम के टेस्ट टीम के मुख्य कोच पद छोड़ने के बाद इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) नए कोच की तलाश में जुट गया है। लगातार खराब प्रदर्शन के बाद इंग्लैंड क्रिकेट में बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कोच जस्टिन लैंगर, न्यूजीलैंड के दिग्गज स्टीफन फ्लेमिंग और इंग्लैंड के पूर्व कप्तान एंड्रयू फ्लिंटॉफ टेस्ट टीम के नए हेड कोच बनने की रेस में सबसे आगे बताए जा रहे हैं।

मैकुलम के जाने के बाद खाली हुआ पद

ब्रेंडन मैकुलम के कार्यकाल की शुरुआत शानदार रही थी, लेकिन बाद में इंग्लैंड की टेस्ट टीम लगातार संघर्ष करती नजर आई। ऑस्ट्रेलिया में 4-1 से एशेज हारने के बाद टीम ने अगले 12 टेस्ट में से 8 मुकाबले गंवा दिए। लगातार खराब नतीजों के बाद ECB ने टीम मैनेजमेंट में बदलाव का फैसला लिया और अब नए टेस्ट कोच की तलाश शुरू हो गई है।

जस्टिन लैंगर भी मजबूत दावेदार

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज और कोच जस्टिन लैंगर इस रेस के प्रमुख दावेदारों में शामिल हैं। लैंगर ऑस्ट्रेलियाई टीम के साथ सफल कार्यकाल निभा चुके हैं और आईपीएल में लखनऊ सुपर जायंट्स के हेड कोच भी रहे हैं। अंतरराष्ट्रीय और फ्रेंचाइजी क्रिकेट का उनका अनुभव ECB के लिए बड़ा प्लस माना जा रहा है।

फ्लिंटॉफ और फ्लेमिंग भी दौड़ में

पूर्व इंग्लैंड कप्तान एंड्रयू फ्लिंटॉफ का नाम भी चर्चा में है। फ्लिंटॉफ इंग्लैंड लायंस और सीनियर व्हाइट-बॉल टीम के साथ कोचिंग स्टाफ का हिस्सा रहे हैं। इंग्लैंड के मैनेजिंग डायरेक्टर रॉब की के साथ उनकी अच्छी समझ उन्हें मजबूत दावेदार बनाती है।

वहीं, डेली मेल की रिपोर्ट के मुताबिक हाल ही में 18 साल बाद चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) से अलग हुए स्टीफन फ्लेमिंग भी ECB की शॉर्टलिस्ट में शामिल हैं। अगर फ्लेमिंग को यह जिम्मेदारी मिलती है तो यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनका पहला हेड कोचिंग कार्यकाल होगा।

फ्लेमिंग सबसे आगे बताए जा रहे

रिपोर्ट के अनुसार स्टीफन फ्लेमिंग फिलहाल बाकी उम्मीदवारों से आगे चल रहे हैं। उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स को अपनी कोचिंग में पांच IPL और दो चैंपियंस लीग T20 खिताब जिताए हैं। उनकी सफल कोचिंग और लंबे अनुभव को देखते हुए ECB उन्हें टेस्ट टीम की नई जिम्मेदारी सौंप सकता है।

NO Such Result Found