Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के दौरान जर्मनी की राष्ट्रीय फुटबॉल टीम को मैदान के बाहर एक अनोखी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। अमेरिका के नॉर्थ कैरोलिना स्थित टीम के बेस कैंप के पास जहरीला कॉपरहेड सांप दिखाई देने के बाद खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। इस घटना के बाद जर्मनी के कप्तान जोशुआ किमिख ने भी मजेदार अंदाज में अपनी प्रतिक्रिया दी।

'यहां घास में क्या छिपा है, इसकी भी चिंता करनी पड़ती है'

जर्मनी के कप्तान जोशुआ किमिख ने इस घटना का जिक्र करते हुए कहा कि अमेरिका में फुटबॉल खेलने के साथ-साथ खिलाड़ियों को आसपास के वन्यजीवों का भी ध्यान रखना पड़ रहा है। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा, 'जर्मनी में हम रणनीति, चोट और अगले प्रतिद्वंद्वी की चिंता करते हैं। लेकिन यहां हमें यह भी सोचना पड़ता है कि घास में क्या छिपा हुआ है।' किमिख के इस बयान के बाद खिलाड़ियों के बीच भी यह घटना चर्चा का विषय बन गई।

स्विट्जरलैंड और नॉर्वे की टीम भी हो चुकी है सतर्क

बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक, केवल जर्मनी ही नहीं बल्कि स्विट्जरलैंड और नॉर्वे की टीमों को भी टूर्नामेंट के दौरान जहरीले सांपों को लेकर सतर्क रहने की सलाह दी गई है। नॉर्थ कैरोलिना में पाए जाने वाले कॉपरहेड सांप जहरीले होते हैं, हालांकि इनके काटने से मौत के मामले बेहद कम होते हैं।

वर्ल्ड कप में शानदार शुरुआत

मैदान पर जर्मनी ने अपने अभियान की शुरुआत शानदार अंदाज में की। जूलियन नागेल्समैन की टीम ने 14 जून को ह्यूस्टन के एनआरजी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टूर्नामेंट में पहली बार खेल रही कुराकाओ को 7-1 से हराया। इस मुकाबले में फेलिक्स एनमेचा, निको श्लोटरबेक और जमाल मुसियाला समेत कई खिलाड़ियों ने गोल दागे और टीम ने दमदार जीत दर्ज की।

अब आइवरी कोस्ट से होगी टक्कर

जर्मनी का अगला मुकाबला 20 जून को कनाडा के टोरंटो स्टेडियम में ग्रुप ई के मैच में आइवरी कोस्ट से होगा। वहीं, आइवरी कोस्ट ने अपने पहले मैच में इक्वाडोर को 1-0 से हराकर टूर्नामेंट का विजयी आगाज किया था। अमाद डियालो के देर से किए गए गोल की बदौलत टीम ने यह मुकाबला अपने नाम किया।

NO Such Result Found