स्पोर्ट्स डेस्क: इंग्लैंड और आयरलैंड के खिलाफ लगातार दो टी20 सीरीज गंवाने के बाद टीम इंडिया को जिम्बाब्वे दौरे से पहले बड़ा झटका लगा है। स्टार मिस्ट्री स्पिनर वरुण चक्रवर्ती हैमस्ट्रिंग चोट के कारण 23 जुलाई से शुरू होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज से बाहर हो सकते हैं। हालांकि बीसीसीआई ने अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक उनकी जगह रवि बिश्नोई को टीम में शामिल किया जाएगा।
चोट के बावजूद खेलते रहे वरुण
वरुण चक्रवर्ती आईपीएल 2026 के दौरान पैर की अंगुली (Toe) की चोट से जूझ रहे थे। इसके बाद बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस से उन्हें फिटनेस क्लियरेंस मिल गई थी, लेकिन इंग्लैंड के खिलाफ चौथे टी20 से पहले उन्हें हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया। इसी वजह से वह जिम्बाब्वे दौरे के लिए उपलब्ध नहीं रहेंगे।
रवि बिश्नोई की होगी वापसी
चयनकर्ताओं ने शुरुआती टीम में रवि बिश्नोई को जगह नहीं दी थी, लेकिन अब उनकी वापसी लगभग तय मानी जा रही है। रिपोर्ट्स के अनुसार मुख्य कोच गौतम गंभीर और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के प्रमुख वीवीएस लक्ष्मण के साथ चर्चा के बाद यह फैसला लिया गया है। जिम्बाब्वे दौरे पर लक्ष्मण टीम के साथ रहेंगे।
इंग्लैंड सीरीज में नहीं चला था बिश्नोई का जादू
रवि बिश्नोई का पिछला अंतरराष्ट्रीय मुकाबला इंग्लैंड के खिलाफ तीसरा टी20 था, जहां जैकब बेथेल ने उनकी जमकर धुनाई की थी। ऐसे में जिम्बाब्वे दौरा उनके लिए खुद को दोबारा साबित करने का बड़ा मौका होगा। आने वाले महीनों में लगातार व्हाइट-बॉल क्रिकेट को देखते हुए यह सीरीज उनके करियर के लिए काफी अहम मानी जा रही है।
जिम्बाब्वे दौरे के लिए टीम में कई बड़े बदलाव
जिम्बाब्वे दौरे के लिए चुनी गई भारतीय टीम में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। संजू सैमसन, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह और हर्षित राणा जैसे खिलाड़ी टीम का हिस्सा नहीं हैं। वहीं 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी को टीम में बरकरार रखा गया है। श्रेयस अय्यर कप्तान होंगे, जबकि तिलक वर्मा उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे। इसके अलावा रिंकू सिंह और तेज गेंदबाज मयंक यादव की भी वापसी हुई है।
जिम्बाब्वे दौरे के लिए भारत की संभावित टी20 टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी, अभिषेक शर्मा, तिलक वर्मा (उपकप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, सूर्यांश शेडगे, रिंकू सिंह, हर्ष दुबे, (वरुण चक्रवर्ती की जगह संभावित रवि बिश्नोई), प्रिंस यादव, यश ठाकुर, अशोक शर्मा, मयंक यादव और प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर)।