Sports

स्पोर्ट्स डेस्क: राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने बेहद बड़ा बयान देकर क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। 15 साल के इस विस्फोटक बल्लेबाज ने कहा है कि उनका लक्ष्य T20 क्रिकेट में पहला दोहरा शतक लगाने का है। वैभव ने साफ कहा कि वह वेस्टइंडीज के दिग्गज बल्लेबाज क्रिस गेल का 175 रन का रिकॉर्ड तोड़ना चाहते हैं। फिलहाल T20 क्रिकेट में सबसे बड़ा व्यक्तिगत स्कोर गेल के नाम दर्ज है।

केविन पीटरसन के शो में किया बड़ा खुलासा

वैभव सूर्यवंशी इंग्लैंड के पूर्व कप्तान केविन पीटरसन के यूट्यूब शो ‘The Switch’ में नजर आए। इस दौरान पीटरसन ने उनसे पूछा कि क्या उन्हें अपनी फिफ्टी सेलिब्रेट करना पसंद है? इस पर वैभव ने जवाब दिया, 'मुझे 50 रन सेलिब्रेट करना ज्यादा पसंद नहीं है। मैं T20 में 200 रन बनाना चाहता हूं। मैं क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ना चाहता हूं।' उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

क्रिस गेल के नाम है सबसे बड़ा T20 स्कोर

क्रिस गेल ने IPL 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलते हुए पुणे वॉरियर्स इंडिया के खिलाफ नाबाद 175 रन बनाए थे। गेल ने यह पारी सिर्फ 66 गेंदों में खेली थी, जिसमें 13 चौके और 17 छक्के शामिल थे। इसी मैच में उन्होंने 30 गेंदों में शतक जड़ा था, जो आज भी IPL इतिहास का सबसे तेज शतक है।

IPL 2026 में बल्ले से मचाया धमाल

वैभव सूर्यवंशी इस सीजन IPL 2026 के सबसे बड़े युवा सितारे बनकर उभरे हैं। उन्होंने 14 मैचों में 41.64 की औसत और 232.27 की विस्फोटक स्ट्राइक रेट से 583 रन बनाए हैं। इस दौरान उन्होंने एक शतक और तीन अर्धशतक लगाए। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 103 रन रहा। वैभव ने इस सीजन 53 छक्के लगाए हैं, जो किसी भी भारतीय बल्लेबाज द्वारा एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा हैं। अब वह क्रिस गेल के 59 छक्कों के रिकॉर्ड से सिर्फ 7 छक्के दूर हैं।

IPL में बना चुके हैं कई रिकॉर्ड

पिछले साल गुजरात टाइटंस के खिलाफ वैभव ने सिर्फ 35 गेंदों में शतक जड़कर IPL इतिहास का सबसे तेज भारतीय शतक लगाया था। इसके साथ ही वह T20 क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले बल्लेबाज भी बने। उन्होंने IPL करियर की शुरुआत पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर की थी और तभी से लगातार रिकॉर्ड तोड़ते आ रहे हैं।

अंडर-19 क्रिकेट में भी दिखाया दम

वैभव सूर्यवंशी ने इस साल अंडर-19 वर्ल्ड कप में भी शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 7 मैचों में 439 रन बनाए और टूर्नामेंट के दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज रहे। उन्होंने इस प्रतियोगिता में रिकॉर्ड 30 छक्के लगाए, जो अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस के नाम था।

घरेलू क्रिकेट में भी लगातार रिकॉर्ड

वैभव लगातार घरेलू क्रिकेट में भी रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ 58 गेंदों में शतक लगाकर नया रिकॉर्ड बनाया था। इसके अलावा सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी और विजय हजारे ट्रॉफी में भी उन्होंने सबसे कम उम्र में शतक लगाने जैसे कई बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए।