स्पोर्ट्स डेस्क : वैभव सूर्यवंशी को लेकर चल रही चर्चाएं थमने वाली नहीं लगतीं। 15 साल के इस बैटिंग सेंसेशन ने IPL 2026 में लगभग हर खिलाड़ी को पीछे छोड़ दिया और राजस्थान रॉयल्स के लिए कई शानदार पारियां खेलीं। 16 मैचों में 776 रन बनाकर सूर्यवंशी टूर्नामेंट के सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी बनकर उभरे और अपने जबरदस्त प्रदर्शन के लिए कई अवॉर्ड जीते। IPL के पूर्व चेयरमैन ललित मोदी भी ने भविष्यवाणी करते हुए कहा कि वह टी20 क्रिकेट में दोहरा शतक बना सकते हैं। उन्होंने यह भी दावा किया कि बिहार में जन्मा यह बल्लेबाज किसी भी फिल्म स्टार से भी बड़े सेलिब्रेटी बन सकते हैं।
मोदी ने कहा, 'मैं उस दिन का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं (जब सूर्यवंशी दोहरा शतक बनाएंगे)। तुम 200 रन जरूर बनाओगे। मैं तुमसे वादा करता हूं। पैसे को अपने सिर पर मत चढ़ने देना। तुम इस दुनिया के नंबर एक सुपरस्टार बनोगे, इस ग्रह के किसी भी हॉलीवुड या बॉलीवुड स्टार से भी बड़े।'
मोदी ने आगे युवा खिलाड़ियों के टेस्ट और इंटरनेशनल क्रिकेट के बजाय फ्रैंचाइजी और घरेलू लीग को ज्यादा पसंद करने के बढ़ते चलन पर बात की और इसे एक सही कदम बताया। उन्होंने अपने इस नजरिए का समर्थन करने के लिए दूसरे खेलों के उदाहरण दिए जैसे बास्केटबॉल में NBA और फुटबॉल में प्रीमियर लीग।
उन्होंने कहा, 'बात बहुत सीधी है। 100 फीसदी यह एक अच्छी बात है। हो सकता है तुम मुझसे नफरत करो, लेकिन मुझे इसकी कोई परवाह नहीं। यही भविष्य है। कोई भी यूनाइटेड स्टेट्स की बास्केटबॉल टीम के लिए खेलने की बात नहीं करता। वे NBA के लिए खेलना चाहते हैं। कोई भी पहले इंग्लैंड के लिए खेलने की बात नहीं करता, बल्कि मैनचेस्टर सिटी के लिए खेलना चाहता है। आने वाले समय में यही चलन होगा। इस सच्चाई को स्वीकार करो।'