Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : आयरलैंड के खिलाफ मैच में उतरते ही वैभव सूर्यवंशी देश के लिए डेब्यू करने वाले सबसे युवा भारतीय (15 साल 91 दिन की उम्र में) बन सकते हैं। आमतौर पर भारत बनाम ऑयरलैंड मैचों से बहुत ज्यादा उम्मीदें नहीं होती हैं। यह बस भारत बनाम इंग्लैंड सीरीज से पहले की एक तैयारी जैसा होता है... इस बार भी यह इंग्लैंड सीरीज से पहले ही तय है, लेकिन आयरलैंड सीरीज से पहले माहौल कुछ अलग है। सूर्यवंशी के डेब्यू को लेकर काफी उत्साह है और इसकी वजह से बेलफास्ट के स्टॉर्मोंट स्टेडियम में भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है। 

अगर पूर्व IND और IRE क्रिकेटर MV नरसिम्हा राव की बात मानें तो यूरोप के कई लोग इस मैच को लाइव देखना चाहते हैं। और आयोजकों को शायद कुछ अतिरिक्त सीटों का इंतजाम करना पड़ सकता है, क्योंकि बेलफास्ट स्टेडियम में सिर्फ 7,000 लोगों के बैठने की जगह है। राव ने आयरलैंड के स्ट्रैबेन से बताया, 'मुझे लगता है कि उन्हें (स्थानीय आयोजकों को) और सीटें लगानी होंगी क्योंकि इस स्टेडियम (स्टॉर्मोंट ग्राउंड) में सिर्फ 7000 या उसके आस-पास सीटें हैं। पहले से ही पेरिस वगैरह जैसे यूरोप के दूसरे हिस्सों से लोग आना चाहते हैं, उम्मीद है कि हम उनके लिए जगह बनाने का कोई तरीका निकाल पाएंगे।' 

राव के मुताबिक यह आयरिश फैंस के लिए भी एक यादगार मौका होगा। उन्होंने कहा, 'तो, मुझे लगता है कि अगर वह आयरलैंड में डेब्यू करते हैं तो यह इतिहास होगा, एक यादगार दिन होगा। यह अप्रत्याशित था और पिछले 10 दिनों में यहां सचमुच बहुत उत्साह है।'