Sports

पालेमबंगः नौकायान और टेनिस खिलाड़यिों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत भारत ने 18वें एशियाई खेलों में अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए छठे दिन शुक्रवार को दो स्वर्ण, एक रजत और चार कांस्य सहित सात पदक जीत लिए। इसी के साथ ही भारत के इन खेलों में 25 पदक पूरे हो गए।  भारत 18वें एशियाई खेलों में छह स्वर्ण, पांच रजत और 14 कांस्य सहित 25 पदक जीतकर पदक तालिका में आठवें स्थान पर है। खेल महाशक्ति चीन 66 स्वर्ण सहित 139 पदक जीतकर पहले स्थान पर बना हुआ है जबकि जापान 29 स्वर्ण सहित 103 पदक के साथ दूसरे और कोरिया 23 स्वर्ण सहित 77 पदक जीतकर तीसरे स्थान पर है। मेजबान इंडोनेशिया 9 स्वर्ण सहित 32 पदकों के साथ पांचवें स्थान पर है। 

इन खेलों का छठा दिन भारत के लिहाज से पूरी तरह नौकायन खिलाडियों के नाम रहा जिन्होंने देश को एक स्वर्ण तथा दो कांस्य पदक दिला दिये। स्वर्ण सिंह, दत्तू भोकनाल, ओम प्रकाश और सुखमीत सिंह की भारतीय चौकड़ी ने पुरूषों की क्वाड्रपल स्कल्स स्पर्धा में 6 मिनट 17.13 सेकंड का समय लेते हुये स्वर्ण पदक अपने नाम किया। डबल स्कल स्पर्धा में भारत के रोहित कुमार और भगवान सिंह टीम ने सात मिनट 04.61 सेकंड का समय लेकर कांस्य पदक जीता। 
Sports

पुरूषों की लाइटवेट सिंगल स्कल स्पर्धा में दुष्यंत ने 7 मिनट 18.76 सेकंड का समय लेकर कांसा जीता। भारत के शीर्ष युगल खिलाडी रोहन बोपन्ना ने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतने का अपना सपना पूरा किया। बोपन्ना और दिविज शरण की अनुभवी जोड़ी ने कजाखिस्तान के एलेक्सांद्र बुबलिक तथा डेनिस येवसेयेव को लगातार सेटों में 6-3, 6-4 से पराजित कर मात्र 52 मिनट में स्वर्ण जीत लिया।   महिला एकल में अंकिता रैना ने कल कांस्य दिलाया था जबकि आज पुरूष एकल में प्रजनेश गुणेश्वरन ने कांस्य पदक जीता। प्रजनेश को सेमीफाइनल में उज्बेकिस्तान के शीर्ष खिलाड़ी डेनिस इस्तोमिन ने एक घंटे 26 मिनट में 6-2, 6-2 से आसानी से पराजित किया। इस हार के बाद प्रजनेश के हिस्से में कांस्य पदक आया।   
PunjabKesari

निशानेबाज हीना सिद्धू ने अपनी लय कायम रखते हुये एशियाई खेलों में भी अपने लिये पदक का सिलसिला बरकरार रखा और महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल निशानेबाजी स्पर्धा में देश के लिये कांस्य जीता। हालांकि मनु भाकर इस बार भी पदक से चूक गयीं। महिलाओं की 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धा के फाइनल में हीना ने 219.2 का स्कोर कर पोडियम पर जगह बनाई और कांस्य पदक जीता।  
PunjabKesari

भारत को पुरुष कबड्डी के बाद महिला कबड्डी में भी निराशा हाथ लगी और दो बार की चैंपियन भारतीय महिला कबड्डी टीम को भी मजबूत ईरान के खिलाफ अपनी बादशाहत गंवानी पड़ गयी और वह रोमांच की पराकाष्ठा से भरे स्वर्ण पदक मुकाबले में 24-27 से पराजित हो गयी। भारत को रजत पदक से संतोष करना पड़ गया। इससे पहले सात बार की चैंपियन पुरुष टीम को कांस्य पदक मिला था।  इस बीच स्क्वैश में गत रजत विजेता सौरभ घोषाल और कांस्य पदक विजेता भारत की दीपिका पल्लीकल ने लगातार दूसरे एशियाई खेलों में पदक पक्का कर लिया है। दोनों सेमीफाइनल में पहुंच गए हैं। आदिल बेदी और पुरुष टीम गोल्फ प्रतियोगिता में देश की पदक उम्मीदों को कायम रखते हुये दूसरे राउंड के बाद क्रमश: संयुक्त तीसरे तथा दूसरे स्थान पर हैं। मुक्केबाजी में मनोज कुमार 69 किग्रा वेल्टरवेट वर्ग में शानदार शुरूआत करते हुये प्री क्वार्टरफाइनल में पहुंच गए हैं।