Sports

स्पोर्ट्स डेस्क : सात साल बाद FIH प्रो हॉकी लीग के लिए क्वालिफाई करना पाकिस्तान के लिए बड़ी उपलब्धि थी, लेकिन ऑस्ट्रेलिया दौरा विवादों में घिर गया। पाकिस्तान हॉकी टीम के कप्तान अम्माद शकील बट ने लाहौर लौटते ही फ्लाइट, होटल और बुनियादी सुविधाओं को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि खिलाड़ियों को एयरपोर्ट पर घंटों इंतजार करना पड़ा और होटल में भुगतान विवाद के चलते परेशानियां झेलनी पड़ीं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि कथित तौर पर टीम से बर्तन धोने वाला वीडियो डिलीट करवाया गया। 

सिडनी एयरपोर्ट पर 14 घंटे परेशानी

18 फरवरी को लाहौर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में कप्तान अम्माद शकील बट ने बताया कि सिडनी पहुंचने के बाद टीम को 13-15 घंटे तक इंतजार करना पड़ा। खिलाड़ियों के लिए होटल की व्यवस्था नहीं थी और वे ओपेरा स्ट्रीट के आसपास भटकते रहे। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में देश का प्रतिनिधित्व करने वाली टीम के साथ ऐसा व्यवहार बेहद निराशाजनक है। खिलाड़ियों को न तो पर्याप्त जानकारी दी गई और न ही किसी अधिकारी ने उनकी स्थिति पर ध्यान दिया।

होटल भुगतान विवाद और अस्थायी इंतजाम

बट के मुताबिक सिडनी से होबार्ट और फिर कैनबरा पहुंचने के बाद भी समस्याएं खत्म नहीं हुईं। होटल पहुंचने पर पता चला कि अग्रिम भुगतान नहीं किया गया था। इससे खिलाड़ियों को अस्थायी इंतजाम होने तक इंतजार करना पड़ा। कप्तान ने आरोप लगाया कि अव्यवस्था इतनी थी कि कुछ खिलाड़ियों को मैच से पहले किचन साफ करने और बर्तन धोने पड़े। उनका कहना था कि ऐसी परिस्थितियों में खिलाड़ियों से बेहतरीन प्रदर्शन की उम्मीद करना मुश्किल है।

वीडियो डिलीट करने का आरोप

ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसमें टीम की खराब स्थिति दिखाई गई थी। बट ने दावा किया कि बाद में उन्हें बताया गया कि मामला “इंडिया तक पहुंच गया है” और देश की छवि खराब हो सकती है।कप्तान ने स्वीकार किया कि एक अन्य वीडियो में सब कुछ सामान्य दिखाने की कोशिश की गई थी। उनके अनुसार, वह वीडियो असल हालात पर पर्दा डालने के लिए बनाया गया था, ताकि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पाकिस्तान की छवि प्रभावित न हो। 

पाकिस्तान हॉकी फेडरेशन में हलचल

इन आरोपों के बाद पाकिस्तान हॉकी महासंघ (PHF) में हलचल मच गई। फेडरेशन के अध्यक्ष तारिक बुगती ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया। वहीं पाकिस्तान स्पोर्ट्स बोर्ड (PSB) ने स्पष्ट किया कि उसने होटल और अन्य खर्चों के लिए 10 मिलियन पाकिस्तानी रुपए से अधिक की राशि जारी की थी। बोर्ड ने कहा कि मामले की विस्तृत रिपोर्ट सरकार को सौंपी जाएगी। 

प्रधानमंत्री ने दिए जांच के आदेश

PHF अध्यक्ष के इस्तीफे के बाद प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ ने पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए हैं। अब सबकी नजरें जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं कि जिम्मेदारी किस पर तय होती है और क्या कार्रवाई की जाएगी। दौरे के दौरान पाकिस्तान को ऑस्ट्रेलिया और जर्मनी के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा, जिससे टीम के प्रदर्शन पर भी असर पड़ा।