Sports

पुर्तगाल: क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने अपने फुटबॉल करियर को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। पुर्तगाल के दिग्गज खिलाड़ी ने संकेत दिया है कि 2026/27 सीजन उनके शानदार करियर का आखिरी साल हो सकता है। रोनाल्डो ने यह बात अपनी लंबे समय से पार्टनर रहीं जॉर्जिना रोड्रिगेज से शादी के कुछ समय बाद कही है।

रोनाल्डो ने Vogue मैगजीन को दिए इंटरव्यू में कहा, 'यह शायद मेरा फुटबॉल का आखिरी साल है और मैं एक शानदार विरासत छोड़ना चाहता हूं।' उनके इस बयान के बाद उनके फैंस के बीच उनके संन्यास को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

41 वर्षीय रोनाल्डो पहले ही साफ कर चुके हैं कि 2026 फीफा वर्ल्ड कप किसी बड़े टूर्नामेंट में उनका आखिरी वर्ल्ड कप होगा। पुर्तगाल की टीम टूर्नामेंट में स्पेन के खिलाफ राउंड ऑफ-16 में 0-1 की हार के साथ बाहर हो गई थी। अब रोनाल्डो के ताजा बयान से संकेत मिल रहा है कि क्लब फुटबॉल में भी उनका सफर जल्द खत्म हो सकता है।

संन्यास के बाद क्या करेंगे रोनाल्डो?

रोनाल्डो ने बताया कि उन्होंने फुटबॉल के बाद की जिंदगी के लिए योजनाएं बना ली हैं। उन्होंने परिवार के साथ समय बिताने, ज्यादा यात्रा करने और पैडल खेलने जैसी चीजों का जिक्र किया। उन्होंने कहा, 'मेरे पास खुद को व्यस्त रखने के लिए बहुत सारी चीजें हैं, इसलिए सिर्फ एक चीज बताना मुश्किल है।'

उन्होंने यह भी कहा, 'फुटबॉल छोड़ने के बाद एक बड़ा खालीपन पैदा हो सकता है, इसलिए आपको अपना समय कई चीजों में लगाना होगा।' रोनाल्डो के मुताबिक, 25 साल के करियर में उन्होंने काफी त्याग किया है और अब वह अपनी कमाई और परिवार के साथ जिंदगी का आनंद लेना चाहते हैं।

अल-नस्र के साथ 2027 तक है कॉन्ट्रैक्ट

रोनाल्डो का सऊदी प्रो लीग क्लब अल-नस्र के साथ कॉन्ट्रैक्ट जून 2027 तक है। ऐसे में उनका यह बयान उनके भविष्य को लेकर सवाल खड़े करता है। पांच बार के बैलन डी'ओर विजेता रोनाल्डो अब भी दुनिया के सबसे ज्यादा गोल करने वाले खिलाड़ियों में शामिल हैं और अपने करियर में 1,000 गोल के ऐतिहासिक आंकड़े के करीब पहुंच रहे हैं।