नई दिल्ली: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए टी20 टीम का ऐलान करते हुए बड़ा फैसला लिया है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत को चैंपियन बनाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव को टीम से बाहर कर दिया गया है, जबकि श्रेयस अय्यर को नया कप्तान नियुक्त किया गया है। सूर्यकुमार की कप्तानी और टीम से बाहर होने के बाद मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने इस फैसले के पीछे की असली वजह बताई।
सूर्यकुमार को बाहर करने पर क्या बोले अगरकर?
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अजीत अगरकर ने कहा कि किसी भी वर्ल्ड कप के बाद टीम मैनेजमेंट भविष्य की योजनाओं पर विचार करता है। चयनकर्ताओं ने भी अगले टी20 वर्ल्ड कप 2028 को ध्यान में रखते हुए टीम के ढांचे और नेतृत्व पर दोबारा समीक्षा की।
अगरकर ने कहा, 'सूर्यकुमार के मामले में यह आसान फैसला नहीं था, खासकर तब जब उन्होंने हाल ही में टीम को टी20 वर्ल्ड कप जिताया हो। लेकिन हर वर्ल्ड कप के बाद हम भविष्य की दिशा तय करते हैं। पिछले दो वर्षों के प्रदर्शन को देखा गया। कप्तान के तौर पर उन्होंने शानदार काम किया, लेकिन हमें आगे की योजनाओं पर भी ध्यान देना था।'
फॉर्म भी बना बड़ा कारण
अगरकर ने साफ किया कि सूर्यकुमार यादव की हालिया फॉर्म भी चयन प्रक्रिया का हिस्सा रही। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि सिर्फ आईपीएल प्रदर्शन के आधार पर फैसला नहीं लिया गया।
उन्होंने कहा, 'यह फैसला आंशिक रूप से उनकी फॉर्म और आंशिक रूप से अगले दो साल के चक्र को ध्यान में रखकर लिया गया है। अगले वर्ल्ड कप तक का रोडमैप देखते हुए हमें लगा कि यही सबसे सही रास्ता है। श्रेयस अय्यर इस जिम्मेदारी के पूरी तरह हकदार हैं।'
श्रेयस अय्यर को क्यों मिली कप्तानी?
अगरकर ने श्रेयस अय्यर की कप्तानी क्षमता की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि अय्यर ने पिछले कुछ वर्षों में अलग-अलग फ्रेंचाइजी टीमों का सफल नेतृत्व किया है। आईपीएल 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स को खिताब जिताने और 2025 में पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाने का उनका रिकॉर्ड चयनकर्ताओं के फैसले में अहम रहा। श्रेयस लगभग ढाई साल बाद भारत की टी20 टीम में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने आखिरी टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबला दिसंबर 2023 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था।
सूर्यकुमार की फॉर्म में आई गिरावट
सूर्यकुमार यादव ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की कप्तानी करते हुए खिताब जरूर जीता, लेकिन बल्ले से उनका प्रदर्शन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा। उन्होंने नौ पारियों में 242 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 136.72 रहा। वहीं आईपीएल 2026 में भी उनका प्रदर्शन फीका रहा। मुंबई इंडियंस के लिए खेलते हुए उन्होंने 13 पारियों में सिर्फ 270 रन बनाए। इस दौरान उनका औसत 20.76 और स्ट्राइक रेट 147.54 रहा। टी20 क्रिकेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाजों में गिने जाने वाले सूर्यकुमार के लिए यह सीजन निराशाजनक रहा।
नई टी20 टीम के साथ नए दौर की शुरुआत
बीसीसीआई ने अब अगले टी20 वर्ल्ड कप 2028 और लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 को ध्यान में रखते हुए युवा खिलाड़ियों पर भरोसा जताया है। इसी रणनीति के तहत श्रेयस अय्यर को कप्तानी सौंपी गई है, जबकि 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी जैसे युवा खिलाड़ियों को भी मौका मिला है।